Friday , April 24 2026 12:41 AM
Home / Uncategorized / होर्मुज स्ट्रेट की नाकेबंदी के बीच ट्रंप प्रशासन में बड़ी उठापटक, यूएस नेवी सेक्रेटरी जॉन फेलन हटाए गए

होर्मुज स्ट्रेट की नाकेबंदी के बीच ट्रंप प्रशासन में बड़ी उठापटक, यूएस नेवी सेक्रेटरी जॉन फेलन हटाए गए


अमेरिकी नेवी सेक्रेटरी जॉन फेलन को उनके पद से हटा दिया गया है। अमेरिकी रक्षा विभाग के मुख्यालय पेंटागन ने बुधवार को इसकी जानकारी दी है। पेंटागन की ओर से कहा गया है कि नौसेना सचिव जॉन फेलन तत्काल प्रभाव से डोनाल्ड ट्रंप प्रशासन को छोड़ रहे हैं। फेलन ऐसे समय हटे हैं, जब अमेरिकी नेवी ने होर्मुज स्ट्रेट के आसपास ईरानी बंदरगाहों की नाकेबंदी की हुई है। यह अमेरिकी शासन में मची हलचल दिखाता है। ईरान से युद्ध शुरू होने के बाद ट्रंप प्रशासन में कई शीर्ष लोगों के इस्तीफे हो चुके हैं।
पेंटागन के मुख्य प्रवक्ता सीन पार्नेल ने फेलन के हटने का ऐलान करते हुए अमेरिकी नौसेना में उनकी सर्विस के लिए धन्यवाद दे दिया। हालांकि पार्नेल ने फेलन के इस तरह से अचनाक जाने का कोई कारण नहीं बताया है। पार्नेल ने जानकारी दी है कि नए कार्यवाहक नौसेना सचिव अवर सचिव हंग काओ होंगे।
नौसेना सचिव जॉन सी. फेलन प्रशासन छोड़ रहे हैं। यह निर्णय तत्काल प्रभाव से लागू है। युद्ध सचिव और उप-युद्ध सचिव की ओर से हम विभाग और संयुक्त राज्य नौसेना के प्रति उनकी सेवाओं के लिए सचिव फेलन के आभारी हैं। अवर सचिव हंग काओ नौसेना के कार्यवाहक सचिव का पदभार संभालेंगे।
फेलन की हेगसेथ से तनातनी – द गार्डियन ने दावा किया है कि फेलन के रक्षा सचिव पीट हेगसेथ और दूसरे सीनियक अधिकारियों के साथ संबंध अच्छे नहीं थे, यही उनको हटाए जाने की वजह बनी है। पीट हेगसेथ ने इससे पहले थल सेना के शीर्ष अधिकारी जनरल रैंडी जॉर्ज को पद से हटाया था। हेगसेथ ने बीते हफ्तों में कई शीर्ष जनरलों, एडमिरलों और दूसरे अफसरों को पदमुक्त किया है।
जॉन फेलन का कोई सैन्य बैकग्राउंड नहीं रहा है। उनको 2024 के अंत में डोनाल्ड ट्रंप ने नौसेना सचिव के पद के लिए नामित किया था। ट्रंप के चुनावी अभियान में फेलन एक प्रमुख दानदाता थे और उन्होंने ‘रगर मैनेजमेंट LLC’ नामक एक निजी निवेश फर्म की स्थापना की थी। ईरान युद्ध के बीच फेलन ने पद छोड़ने पर अभी कोई टिप्पणी नहीं की है।
हंग काओ नए नेवी सेक्रेटरी – जॉन सी फेलन के इस्तीफे के बाद हंग काओ यूएस नेवी के कार्यवाहक प्रमुख के रूप में काम करेंगे, जो फिलहाल नेवी के अंडरसेक्रेटरी हैं। नेवी में 25 साल का अनुभव रखने वाले काओ अक्टूबर 2025 में अंडरसेक्रेटरी के पद पर आए थे। वह दस लाख नेवी, मरीन कॉर्प्स और सिविलियन कर्मचारियों की देखरेख करते हैं और 250 अरब डॉलर सालाना बजट संभालते हैं।
काओ साइगॉन के पतन के बाद, 1975 में वह एक वियतनामी शरणार्थी के रूप में अमेरिका आए थे। काओ 1989 में एक सीमैन रिक्रूट के रूप में नेवी में शामिल हुए और बाद में 1996 में यूनाइटेड स्टेट्स नेवल एकेडमी से स्पेशल ऑपरेशंस ऑफिसर के रूप में कमीशन प्राप्त किया। वह लगातार आगे बढ़ते रहे और अब नेवी सेक्रेटरी बने हैं।