
नेपाल में रविवार की सुबह रिक्टर पैमाने पर 6.1 तीव्रता के आये शक्तिशाली भूकंप के झटकों के कारण राजधानी काठमांडू दहल गया। भूकंप के कारण करीब 20 मकान क्षतिग्रस्त हो गये। भूकंप और इसके बाद आये झटकों से लोगों में दहशत फैल गयी और 2015 में आये भूकंप का वह मंजर याद करा दिया, जिसमें करीब 9000 लोगों की मौत हो गयी थी। राष्ट्रीय भूकंप निगरानी एवं अनुसंधान केंद्र के अनुसार, सुबह सात बजकर 39 मिनट पर आए भूकंप का केंद्र धाडिंग जिले में था। इस भूकंप में किसी के हताहत होने की जानकारी नहीं है। भूकंप के झटके बागमती और गंडकी प्रांतों के अन्य जिलों में भी महसूस किए गए।
खबरों के अनुसार, इसमें किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है, लेकिन जिले के कई हिस्सों में भूस्खलन की खबरें हैं। काठमांडू से 90 किलोमीटर पश्चिम में स्थित धाडिंग जिले के ज्वालामुखी देहात नगरपालिका में 20 मकान क्षतिग्रस्त हो गए और 75 अन्य मकानों में दरारें आ गईं। सुबह आये भूकंप के बाद रविवार की दोपहर बाद धाडिंग में तीन और झटके महसूस किये गये, जिनकी तीव्रता रिक्टर पैमाने पर चार से अधिक मापी गयी । राष्ट्रीय भूकंप निगरानी केंद्र के अनुसार धाडिंग जिले में इनका केंद्र था और इनकी तीव्रता 5.1, 5 और 4.1 मापी गयी । पूर्व वार्ड अध्यक्ष कृष्णा प्रसाद कापरी ने बताया कि भूकंप से हुई क्षति का आकलन जारी है।
भूकंप के डर से घरों से बाहर निकले लोग – स्थानीय निवासी राजेश अधिकारी ने बताया कि चार से अधिक तीव्रता वाले भूकंप के लगातार झटकों के कारण लोग अपने घरों से बाहर ही रहे। जिला पुलिस कार्यालय के सूचना अधिकारी और पुलिस उपाधीक्षक संतुलाल प्रसाद जैसवार ने बताया कि भूकंप के कारण क्षतिग्रस्त हुए मकानों की विस्तृत जानकारी अभी एकत्र की जा रही है। भूकंप माप केंद्र के अनुसार, सुबह आठ बजकर आठ मिनट पर 4.3 तीव्रता, सुबह आठ बजकर 28 मिनट पर 4.3 और आठ बजकर 59 मिनट पर 4.1 तीव्रता के झटके महसूस किये गये । भूकंप और इसके बाद लगातार आए झटकों से लोगों में दहशत फैल गई।
Home / News / भूकंप के तेज झटकों के दहला नेपाल, घरों से बाहर निकले लोग, रिक्टर स्केल पर 6.1 मापी गई तीव्रता
IndianZ Xpress NZ's first and only Hindi news website