Monday , June 1 2026 5:42 AM
Home / Uncategorized / नेपाल के तेवर पड़े नरम, बालेन शाह से पहले सत्ताधारी RSP चीफ आएंगे भारत, नई दिल्ली में PM मोदी से करेंगे मुलाकात

नेपाल के तेवर पड़े नरम, बालेन शाह से पहले सत्ताधारी RSP चीफ आएंगे भारत, नई दिल्ली में PM मोदी से करेंगे मुलाकात


नेपाल और भारत के बीच रिश्तों में जमी बर्फ पिघलती दिखाई दे रही है। नेपाल की सत्ताधारी राष्ट्रीय स्वतंत्र पार्टी (RSP) के अध्यक्ष रवि लामिछाने 5 दिनों के दिल्ली दौरे पर आ रहे हैं। इस दौरान वे भारतीय प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और अन्य शीर्ष अधिकारियों से मुलाकात करेंगे। यह दौरा ऐसे समय में हो रहा है, जब नेपाल की बालेन शाह सरकार के सीमा संबंधी मुद्दे को हवा देने के बाद दोनों पड़ोसियों के बीच संबंध तनावपूर्ण चल रहे हैं।
5 दिन भारत में रहेंगे लामिछाने – नेपाली मीडिया रिपोर्ट के अनुसार, रवि लामिछाने, भारत की सत्ताधारी भारतीय जनता पार्टी (BJP) के निमंत्रण पर 1 जून से 5 जून तक नई दिल्ली की आधिकारिक यात्रा पर रहेंगे। इस दौरान उनकी पत्नी निकिता पौडेल और पार्टी के दो भरोसेमंद नेता बिपिन आचार्य और दीपक बोहरा भी साथ होंगे।
नेपाल में मार्च में हुए चुनाव में RSP की प्रचंड जीत के बाद नई दिल्ली ने बालेन शाह और रवि लामिछाने को आमंत्रित किया था। शाह ने एक साल तक कोई विदेशी दौरा न करने का फैसला किया है। ऐसे में नई सरकार बनने के बाद लामिछाने भारत की यात्रा करने वाले पहले नेता होंगे। हालांकि, शनिवार शाम तक इसकी आधिकारिक घोषणा नहीं हुई थी। लेकिन सूत्रों का कहना है कि इस दौरान लामिछाने, पीएम मोदी के अलावा भारतीय विदेश मंत्री एस जयशंकर, NSA अजीत डोभाल, केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी, विदेश सचिव विक्रम मिसरी और बीजेपी अध्यक्ष नितिन नवीन सहित अन्य नेताओं से मुलाकात करेंगे।
अयोध्या का कर सकते हैं दौरा – काठमांडू पोस्ट ने बताया है कि लामिछाने की 2 जून को पीएम मोदी के साथ बैठक प्रस्तावित है, जिसमें दोनों पक्ष एक-दूसरे से जुड़ेंगे। इसी दिन दिल्ली में बाकी आधिकारिक बैठकें करेंगे। इसके बाद वह भारत के किसी प्रतिष्ठित स्थान का दौरा करेंगे, जो संभवतः अयोध्या या आगरा हो सकती है। इस दौरे का मुख्य उद्देश्य द्विपक्षीय संबंधों को मजबूत करना और RSP और बीजेपी के बीच पार्टी स्तरीय संबंधों को बढ़ावा देना होगा।
पोस्ट ने अपनी रिपोर्ट में बताया है कि पहले यह दौरा तीन दिनों के लिए निर्धारित था, जिसे दो दिन और बढ़ा दिया गया है। वह 4 जून को नई दिल्ली के लाजपत भवन ऑडिटोरियम में भारत में रहने वाले नेपालियों को संबोधित करेंगे। RSP के फेसबुक पेज पर इसके बारे में आमंत्रण दिया गया है।
भारत और नेपाल में तनाव – लामिछाने की भारत यात्रा हाल ही में लिपुलेख को लेकर तनाव के बाद हो रही है, जिसके चलते भारतीय विदेश सचिव विक्रम मिसरी का नेपाल दौरा टल गया था। भारत ने सीमा पार से नेपाल में लाए गए 100 रुपये से ज्यादा के सामान पर कस्टम ड्यूटी लगाने के फैसले पर भी चिंता जताई थी।
वहीं, नेपाल की बालेन शाह सरकार ने लामिछाने की भारत यात्रा से खुद को अलग किया है। सरकार ने साफ किया है कि लामिछाने की यात्रा को प्रधानमंत्री की यात्रा से जोड़ने की जरूरत नहीं है। नेपाल सरकार के प्रवक्ता ने मीडिया को बताया कि लामिछाने अपनी निजी हैसियत से यात्रा कर रहे हैं। इसका प्रधानमंत्री से कोई लेना-देना नहीं है। उन्होंने कहा, लोग इसे प्रधानमंत्री की यात्रा से जोड़ने की कोशिश कर सकते हैं, लेकिन इन दोनों के बीच कोई संबंध नहीं है।