
उत्तर कोरिया के सनकी तानाशाह ने अपनी मिसाइलों से दागने के लिए छोटे परमाणु हथियार बनाने में सफलता हासिल कर ली है। संयुक्त राष्ट्र सुरक्षा परिषद की उत्तर कोरिया पर बनाई गई विशेषज्ञों की कमिटी ने इसकी पुष्टि करते हुए कहा कि नॉर्थ कोरिया प्रतिबंधों का उल्लंघन कर रहा है। उन्होंने कहा कि उत्तर कोरिया लगातार अपने परमाणु कार्यक्रम को तेज कर रहा है।
कमिटी ने अपनी रिपोर्ट में कहा, ‘उत्तर कोरिया लगातार अपना परमाणु कार्यक्रम चला रहा है। इसमें उच्च संवर्धन वाले यूरेनियम और लाइट वॉटर रिएक्टर का निर्माण शामिल है। एक सदस्य देश ने कहा कि उत्तर कोरिया लगातार परमाणु हथियारों का निर्माण कर रहा है।’ इस अंतरिम रिपोर्ट में यह भी कहा गया है कि कई देशों का मानना है कि उत्तर कोरिया ने मिसाइलों में फिट करने के लिए छोटे परमाणु हथियार बना लिए हैं।’
इस रिपोर्ट में कहा गया है कि कई देशों का मानना है कि किम जोंग उन ने 6 परमाणु परीक्षण छोटे परमाणु बम बनाने के लिए किया था। एक देश ने यहां तक कहा है कि उत्तर कोरिया मल्टिपल वॉरहेड सिस्टम पर काम कर रहा है। पिछले सप्ताह ही उत्तर कोरिया ने जोर देकर कहा था कि परमाणु हथियार बनाने के बाद अब उनके देश पर कोई हमला नहीं करेगा।
संयुक्त राष्ट्र ने अपनी रिपोर्ट में कहा कि नॉर्थ कोरिया प्रतिबंधों को धता बताकर लगातार न केवल परमाणु कार्यक्रम को बढ़ा रहा है, बल्कि कोयले का निर्यात कर रहा है। संयुक्त राष्ट्र के विशेषज्ञों ने आरोप लगाया है कि प्योंगयांग लगातार साइबर हमले कर रहा है और ऑनलाइन आपराधिक गतिविधियों में शामिल है। बता दें कि सिप्री की रिपोर्ट के मुताबिक उत्तर कोरिया के पास 30 से 40 परमाणु बम हैं और वह लगातार इसे बना रहा है।
IndianZ Xpress NZ's first and only Hindi news website