
उत्तर कोरिया ने बड़े पैमाने पर यूरेनियम का भंडार जमा किया हुआ है। उत्तर कोरिया की सत्ता में सर्वसर्वा किम जोंग उन ने यूरेनियम संवर्धन केंद्र का दौरा किया है और इसकी तस्वीरें भी सार्वजनिक की गई हैं। इस दौरान किम ने वेपन-ग्रेड सामग्री का उत्पादन करने के लिए नए सेंट्रीफ्यूज तैयार करने का आह्वान किया, जिससे ज्यादा परमाणु हथियार बनाए जा सकें। स्टेट मीडिया केसीएनए ने शुक्रवार को बताया कि किम जोंग उन खुद यूरेनियम फैसिलिटी पर व्यवस्था देखने पहुंचे थे। किम के दौरे की तस्वीरों के साथ पहली बार उत्तर कोरिया के परमाणु कार्यक्रम की झलक भी दुनिया को दिखी है, जो संयुक्त राष्ट्र सुरक्षा परिषद के कई प्रस्तावों के तहत प्रतिबंधित है।
किम की जो तस्वीरें सामने आई हैं, उनमें वह यूरेनियम को समृद्ध करने वाली मशीनों मेटल सेंट्रीफ्यूज की लंबी कतारों के बीच दिख रहे है। रिपोर्ट में यह साफ नहीं किया गया कि किम का दौरा कब हुआ है। उत्तर कोरिया की इस यूरेनियम फैसिलिटी की जगह का खुलासा भी रिपोर्ट में नहीं किया गया है। इस दौरान किम ने सामरिक परमाणु हथियारों के लिए अधिक सामग्री का उत्पादन करने का आग्रह किया। उन्होंने अमेरिका और उसके सहयोगियों की ओर से संभावित खतरे का जिक्र करते हुए देश के परमाणु शस्त्रागार को मजबूत करने पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि आत्मरक्षा के लिए हथियारों को बढ़ाने की बहुत आवश्यकता है।
उत्तर कोरिया के पास यूरेनियम संवर्धन के कई ठिकाने – उत्तर कोरिया की सैन्य ताकत के बारे में बहुत सटीक जानकारी दुनिया को नहीं है। एक अलगाव में रहने वाले उत्तर कोरिया के बारे में दावा किया जाता है कि उसके पास यूरेनियम संवर्धन के लिए कई स्थल हैं। एक्सपर्ट दावा करते हैं कि सेटेलाइट तस्वीरों में योंगब्योन परमाणु वैज्ञानिक अनुसंधान केंद्र में यूरेनियम संवर्धन संयंत्र देखा गया है। इससे अंदाजा लगाया जाता है कि उत्तर कोरिया तेजी से अपने परमाणु कार्यक्रम को बढ़ा रहा है।
किम ने सेंट्रीफ्यूज की संख्या बढ़ाने पर जोर दिया है ताकि परमाणु हथियारों में तेजी से वृद्धि की जा सके और हथियार-ग्रेड परमाणु सामग्री के उत्पादन के लिए नई तरह के सेंट्रीफ्यूज के उपयोग का विस्तार किया जा सके। उत्तर कोरियाई सामरिक परमाणु हथियार डिजाइन मुख्य रूप से अपने मूल के लिए यूरेनियम पर निर्भर हो सकते हैं। अमेरिका स्थित कार्नेगी एंडोमेंट फॉर इंटरनेशनल पीस के अंकित पांडा का कहना है कि नए प्रकार के सेंट्रीफ्यूज से पता चलता है कि उत्तर कोरिया अपनी ईंधन साइकिल की क्षमता को बढ़ा रहा है।
Home / Uncategorized / उत्तर कोरिया ने पहली बार दुनिया को दिखाया यूरेनियम का भंडार, तानाशाह किम ने ज्यादा परमाणु हथियार बनाने पर दिया जोर
IndianZ Xpress NZ's first and only Hindi news website