जापान में एक पावर कंपनी का न्यूक्लियर रिएक्टर सोमवार को अलर्ट के बाद बंद हो गया। कंसाई इलेक्ट्रिक पॉवर कंपनी के ताकाहामा न्यूक्लियर प्लांट में अचानक न्यूट्रॉन्स की संख्या में बड़ी गिरावट देखने को मिली। इसके बाद सिस्टम अलर्ट जारी करते हुए ऑटोमैटिक तरीके से बंद हो गया। ओसाका स्थित कंपनी ने कहा कि नंबर 4 रिएक्टर दोपहर 3.21 बजे बंद कर दिया गया। उन्होंने इस बात की पुष्टि की है कि किसी भी तरह का पर्यावरणीय प्रदूषण का संकेत नहीं मिला है। न्यूक्लियर रेगुलेशन अथॉरिटी के मुताबिक रिएक्टर का कूलिंग फंक्शन सामान्य है।
ऑपरेटर के मुताबिक रिएक्टर के बाहर लगे चार न्यूट्रॉन डिटेक्टरों में से कम से कम दो ने असमानताओं को पकड़ा। कंसाई इलेक्ट्रिक ने कहा कि इससे पहले 1988 में ऐसी ही वॉर्निंग के बाद इसी रिएक्टर के यूनिट नंबर 3 को बंद कर दिया गया था। फुकुई प्रीफेक्चुरल सरकार ने कहा कि न्यूट्रॉन डिटेक्टरों या कंट्रोल रॉड के गिरने से इस तरह की समस्या होती है। रिएक्टर में मौजूद कंट्रोल रॉड चेन रिएक्शन का नियंत्रण करते हैं और न्यूट्रॉन को सोख जाते हैं।
2016 में भी हुआ था बंद – यूटिलिटी की ओर से कहा गया कि गुरुवार को कंसाई इलेक्ट्रिक ने डिटेक्टरों के मेंटीनेंस का काम किया था। तब इसमें किसी भी तरह की असमानता नहीं पाई गई थी। नंबर 4 रिएक्टर नियमित निरीक्षण के बाद 4 नवंबर को फिर से एक्टिव कर दिया गया और 2016 में एक अलग समस्या के कारण यही यूनिट ऑटोमैटिक तरीके से बंद हो गया था। ये प्लांट जापान सागर के करीब है। इसके चार रिएक्टर हैं।