
पाकिस्तान के मंत्री चौधरी फवाद हुसैन अपने एक वीडियो को लेकर चर्चा में हैं। इस वीडियो में विज्ञान और प्रौद्योगिकी मंत्री चौधरी फवाद के साथ खैबर पख्तूनख्वा के मुख्यमंत्री महमूद खान भी हैं और वह चौधरी फवाद हुसैन से यह कहते नजर आ रहे हैं कि आपने टीवी एंकर को थप्पड़ मार कर बेहतरीन काम किया है। सोशल मीडिया पर वायरल इस वीडियो में देखा जा सकता है कि एक मुलाकात में खैबर पख्तूनख्वा के मुख्यमंत्री महमूद खान थप्पड़ मारने की सराहना कर रहे हैं। साथ में कई अन्य लोग भी हैं।
इसमें उनके साथ सूचना मंत्री शौकत यूसुफजई और उनके सलाहकार जियाउल्लाह बंगश भी मौजूद हैं। इस मौके पर वह भी फवाद चौधरी के थप्पड़ मारने का समर्थन करते नजर आ रहे हैं। गौरतलब है कि पाकिस्तान तहरीक इंसाफ के रहनुमा और विज्ञान और प्रौद्योगिकी मंत्री चौधरी फवाद हुसैन ने बीते माह एक शादी समारोह के दौरान एक निजी टीवी चैनल के एंकर को थप्पड़ जड़ दिया था।
रिपोर्ट के मुताबिक उनके टीवी एंकर को थप्पड़ मारने के बाद दोनों में गुत्थम-गुत्था हो गई। इसके बाद वहां मौजूद लोगों ने दोनों में बीच-बचाव कराया। जानकारी के मुताबिक इससे पहले पिछले साल जून में भी चौधरी फवाद हुसैन ने फैसलाबाद में एक समारोह में एक टीवी एंकर को थप्पड़ मारा था।
IndianZ Xpress NZ's first and only Hindi news website