Sunday , May 17 2026 4:27 PM
Home / Uncategorized / नीदरलैंड में PM मोदी, डच प्रधानमंत्री और किंग से करेंगे मुलाकात, ट्रेड और डिफेंस डील पर नजर

नीदरलैंड में PM मोदी, डच प्रधानमंत्री और किंग से करेंगे मुलाकात, ट्रेड और डिफेंस डील पर नजर


प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी नीदरलैंड के दौरे पर पहुंचे हैं। पांच देशों की उनकी यात्रा का यह दूसरा पड़ाव है, जिसका मकसद व्यापार, टेक्नोलॉजी, इनोवेशन और ग्रीन ग्रोथ के क्षेत्र में भारत की साझेदारी को मजबूत करना है। इसके पहले उन्होंने शुक्रवार को यात्रा के पहले चरण में UAE का दौरा किया था, जहां ऊर्जा और रक्षा क्षेत्र में कई समझौते हुए थे। पीएम मोदी की नीदरलैंड यात्रा डच प्रधानमंत्री रॉब जेटेन के निमंत्रण पर हो रही है। द हेग पहुंचने पर पीएम मोदी का भारतीय प्रवासी समुदाय और स्थानीय कलाकारों ने गर्मजोशी से स्वागत किया।
रक्षा और व्यापार पर अहम चर्चा – पीएम मोदी शनिवार को नीदरलैंड के प्रधानमंत्री रॉब जेटन के साथ द्विपक्षीय बातचीत करेंगे। इसके अलावा, इस आधिकारिक दौरे के तहत प्रधानमंत्री की किंग विलेम-अलेक्जेंडर और क्वीन मैक्सिमा से भी मुलाकात होगी। इसके साथ ही नीदरलैंड के बड़े बिजनेस लीडर्स से पीएम मोदी के बातचीत करने की भी उम्मीद है। इन चर्चाओं का मुख्य ज़ोर सेमीकंडक्टर, ग्रीन हाइड्रोजन, इनोवेशन, रक्षा, जल प्रबंधन और मज़बूत सप्लाई चेन जैसे क्षेत्रों में सहयोग बढ़ाने पर होगा। इस दौरे पर प्रधानमंत्री मोदी वहां रह रहे भारतीय समुदाय को संबोधित कर सकते हैं।
पीएम मोदी का दूसरा नीदरलैंड दौरा – पीएम मोदी 17 मई तक नीदरलैंड में रहेंगे। प्रधानमंत्री का नीदरलैंड का यह दूसरा दौरा है। इससे पहले उन्होंने 2017 में यहां का दौरा किया था। मौजूदा दौरा भारत-नीदरलैंड के आपसी संबंधों के एक अहम मोड़ पर हो रहा है और इससे दोनों देशों के बीच रणनीतिक सहयोग और मजबूत होने की उम्मीद है।
प्रधानमंत्री के इस दौरे का ऐलान करते हुए विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता रणधीर जायसवाल ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट किया, “गुडडेवोंड नीदरलैंड! पीएम मोदी नीदरलैंड पहुंच गए हैं। यह दौरा भारत-नीदरलैंड की कई तरह की साझेदारी को और मजबूत करने और यूरोप के सबसे बड़े भारतीय समुदाय से जुड़ने का मौका देगा।”
इससे पहले, प्रधानमंत्री के दौरे पर एक खास ब्रीफिंग के दौरान, विदेश मंत्रालय में सचिव (पश्चिम) सिबी जॉर्ज ने कहा, “पिछले कुछ सालों में व्यापार, निवेश के पारंपरिक क्षेत्र और डब्ल्यूएएच के जरूरी क्षेत्र, पानी, खेती और स्वास्थ्य, के साथ-साथ लोगों के बीच संबंधों में हमारी साझेदारी काफी गहरी हुई है। हाल के सालों में, तकनीक, नवाचार, रक्षा, सुरक्षा, सेमीकंडक्टर, रिन्यूएबल एनर्जी, शिक्षा और समुद्री क्षेत्र जैसे रणनीतिक क्षेत्र में सहयोग और बढ़ा है।”
नीदरलैंड में भारतीय समुदाय – भारत-नीदरलैंड के आपसी संबंधों में लोगों के बीच सबंध एक अहम हिस्सा हैं। नीदरलैंड में 90,000 से ज्यादा नॉन-रेजिडेंट भारतीय (NRI) और भारतीय मूल के लोग रहते हैं। साथ ही सूरीनाम हिंदुस्तानी समुदाय के 200,000 से ज्यादा सदस्य भी रहते हैं। वर्तमान में देश भर की अलग-अलग यूनिवर्सिटी में करीब 3,500 भारतीय छात्र उच्च शिक्षा ले रहे हैं।