
मालदीव के राष्ट्रपति इब्राहिम मोहम्मद सोलिह ने कोरोना वैक्सीन की पहली खुराक लगवा ली है। सोलिह ने भारत में बनी हुई कोरोना वैक्सीन कोविशील्ड लगवाई है। सोलिह ने सोमवार को ट्वीट कर इसकी जानकारी देते हुए कहा, ‘‘आज मैंने कोरोना वैक्सीन कोविशील्ड की पहली खुराक ले ली है। ईश्वर की अनुकंपा से हम जल्द ही मालदीव के प्रत्येक नागरिक को कोरोना वैक्सीन लगवा देंगे।”
सोलिह के अलावा सोमवार को सरकार के 36 अन्य अधिकारियों ने भी कोरोना की वैक्सीन लगवाई। मालदीव उन चुनिंदा देशों में से एक है जिसे भारत ने ऑक्सफोर्ड यूनिवर्सिटी और एस्ट्राजेनेका की ओर से तैयार किए गए कोरोना वैक्सीन की एक लाख खुराकें सहायता के रूप में भेजी हैं। कोविशील्ड नामक यह कोरोना वैक्सीन सीरम इंस्टीट्यूट ऑफ इंडिया में तैयार की गई है।
मालदीव सरकार की योजना छह माह के भीतर देश की आधी आबादी को कोरोना वैक्सीन लगाने की है। गौरतलब है कि मालदीव में अब तक कोरोना संक्रमण के 15,841 मामलों की पुष्टि हो चुकी है जबकि इस महामारी के कारण 52 लोगों की मौत हो चुकी है।
IndianZ Xpress NZ's first and only Hindi news website