Tuesday , May 26 2026 11:17 PM
Home / Uncategorized / राहुल गांधी ने प्रधानमंत्री और गृहमंत्री को बताया था गद्दार, रायबरेली की अदालत में परिवाद दर्ज

राहुल गांधी ने प्रधानमंत्री और गृहमंत्री को बताया था गद्दार, रायबरेली की अदालत में परिवाद दर्ज


कांग्रेस सांसद राहुल गांधी के खिलाफ यूपी के रायबरेली में परिवाद दर्ज हुआ है। प्रधानमंत्री और गृहमंत्री के खिलाफ विवादित टिप्‍पणी को लेकर न्‍यायालय पंचम अपर सिविल जज (जूनियर डिवीजन) जेएम की कोर्ट में परिवाद दायर किया गया है। भाजपा नेता शकील अहमद खान ने परिवाद दायर करते हुए थाना डीह, सदर कोतवाली और एसपी को राहुल गांधी के खिलाफ एफआईआर दर्ज करने का आदेश दिए जाने की मांग की है।
शकील अहमद खान ने बताया कि राहुल गांधी ने प्रतिशोध की भावना से देश के प्रधानमंत्री और गृहमंत्री को गद्दार कहा था। इससे उन्‍हें गहरा आघात पहुंचा है और उनकी मानहानि हुई है। आरोप लगाया कि राहुल गांधी ने भाजपा को भड़काने और देश का माहौल खराब करने के लिए ऐसी टिप्‍पणी की है। सार्वजनिक मंच से प्रधानमंत्री, गृहमंत्री और भाजपा की छवि खराब की गई है।
‘राहुल के बयान से भावनाएं हुईं आहत’ – परिवादकर्ता मोहम्‍मद शकील ने बताया कि राहुल गांधी के बयान से जिले के लोगों की भावनाएं आहत हुई हैं। उन्‍होंने 23 मई को डाक के माध्‍यम से रायबरेली के एसपी को प्रार्थना पत्र भेजकर कार्रवाई की मांग की गई थी। पुलिस स्‍तर पर कोई कार्रवाई नहीं होने या आश्‍वासन नहीं मिलने के बाद उन्‍होंने एमपी-एमएलए कोर्ट का दरवाजा खटखटाया। अदालत ने मामले को स्‍वीकार करते हुए सुनवाई के लिए 16 जून की तारीख तय की है।
कांग्रेस ने शेयर किया था राहुल गांधी के भाषण का वीडियो – गौरतलब है कि रायबरेली की जनसभा में राहुल गांधी ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और गृह मंत्री अमित शाह हो लेकर विवादित बयान दिया था। उन्‍होंने लोगों को संबोधित करते हुए कहा कि आपका प्रधानमंत्री, आपका गृहमंत्री गद्दार है। कांग्रेस ने राहुल गांधी के भाषण का वीडियो सोशल मीडिया पर शेयर भी किया है।
‘बीजेपी ने देश बेचने का काम किया’ – राहुल गांधी ने कहा था कि बीजेपी और आरएसएस के लोग अगर आपके सामने आएं और नरेंद्र मोदी-अमित शाह की बात करें तो आप उनसे खुलकर कहिए कि नरेंद्र मोदी और अमित शाह गद्दार हैं। बीजेपी गद्दार है क्‍योंकि आप लोगों ने मिलकर देश को बेचने का काम किया है। बीजेपी ने संविधान पर, गांधी जी और आंबेडकर जी पर हमला किया है।