
इजरायली प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू ने शुक्रवार को धमकी दी कि फ्लाईदुबई फ्लाइट की घटना के पीछे जो भी होगा, उसे भारी कीमत चुकानी होगी। नेतन्याहू ने कहा, “जैसे-जैसे समय बीत रहा है, तस्वीर साफ होती जा रही है।” इजरायली प्रधानमंत्री ने कहा कि “हमलावर इस्लामी कट्टरपंथ से प्रभावित था। उसका इरादा सभी यात्रियों के साथ विमान को क्रैश करने का था।”
नेतन्याहू ने दी चेतावनी – उन्होंने आगे कहा, “हम इस बात की जांच कर रहे हैं कि क्या उसे भेजा गया था और जिसने भी उसे भेजा है, उसे बहुत भारी कीमत चुकानी पड़ेगी।” नेतन्याहू ने हालांकि किसी देश का नाम नहीं लिया है, लेकिन वे सालों से ईरान पर आरोप लगाते रहे हैं कि वह इजरायल को खत्म करना चाहता है।
इसके पहले गुरुवार को नेतन्याहू ने कहा था कि फ्लाईदुबई की फ्लाइट में कैप्टन पर हमला करने वाले को-पायलट ने कट्टरपंथी इस्लामी विचारधारा अपना ली थी। वह आत्मघाती लग रहा था और विमान को क्रैश करने की कोशिश की थी। वहीं, अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ड्रंप ने ईरान का सीधे तौर पर नाम लिया।
ट्रंप ने लिया ईरान का नाम – गुरुवार को जब ट्रंप से ईरान कनेक्शन के बारे में पूछा गया तो उन्होंने कहा कि जहां तक उन्हें खबर मिली है, ईरान इसमें शामिल है। इसके बाद उन्होंने धमकी दी कि अगर ऐसा हुआ तो ईरान पर बहुत जोरदार हमला किया जाएगा।
बुधवार को दुबई से तेल अवीव जा रही ‘फ्लाईदुबई’ की उड़ान एफजेड 1073 के कॉकपिट में को-पायलट ने भारतीय कैप्टन स्मित मच्छार पर चाकू से हमला कर उन्हें गंभीर रूप से घायल कर दिया था। उड़ान का सह-पायलट विमान को कथित तौर पर गिराने की कोशिश कर रहा था, लेकिन विमान के भारतीय कैप्टन मच्छार ने बहादुरी से मुकाबला करते हुए उसके प्रयास को विफल कर दिया। चाकू से किए गए हमले में मच्छार घायल हो गए, लेकिन वह 174 यात्रियों को ले जा रहे विमान को बचाने में सफल रहे। कैप्टन मच्छार के साहस और बहादुरी की पूरी दुनिया में तारीफ हो रही है।
Home / News / ‘फ्लाईदुबई हमले में जो भी शामिल होगा, उससे भारी कीमत चुकानी होगी’, नेतन्याहू की खुली धमकी, ईरान के लिए संदेश?
IndianZ Xpress NZ's first and only Hindi news website