
बांग्लादेश की प्रधानमंत्री पद से इस्तीफा देने और देश छोड़कर जाने के दो दिन बाद ही बांग्लादेश में शेख हसीना की वापसी के समर्थन में आवाजें उठने लगी हैं। अवामी लीग और इसके सहयोगी संगठनों के नेताओं ने शेख हसीना को बांग्लादेश वापस लाने की कसम खाई है। देश में कई सप्ताह तक चले भारी विरोध प्रदर्शन के बाद शेख हसीना ने बीते सोमवार को प्रधानमंत्री पद से इस्तीफा दे दिया था और देश छोड़कर चली गई थीं। वे इस समय भारत में सुरक्षित स्थान पर हैं। बांग्लादेश के गोपालगंज में अवामी लीग के नेताओं ने कहा है कि शेख हसीना को सम्मान के साथ बांग्लादेश वापस लाने तक वे शांत नहीं बैठेंगे।
अवामी लीग के कार्यकर्ता बुधवार को गोपालगंज के तुंगीपारा में स्थित बांग्लादेश के संस्थापक शेख मुजीबुर रहमान के मकबरे के सामने जमा हुए और अपनी नेता को वापस लाने की कसम खाई। अवामी लीग के गोपालगंज जिलाध्यक्ष महबूब अली खान ने दोपहर के समय शपथ ग्रहण समारोह का संचालन किया। कार्यक्रम में गोपालगंज जिला अवामी लीग के महासचिव जीएम साहब उद्दीन आजम ने कहा कि वे राजनीतिक लड़ाई लड़ेंगे और आंदोलन तब तक जारी रखेंगे, जब तक वे शेख हसीना और उनकी बहन शेख रिहाना को देश में वापस नहीं ले आते।
शेख हसीना की वापसी के संकेत – इससे पहले वे गोपालगंज शहर से जुलूस के साथ तुंगीपारा मकबरे पर पहुंचे। वहां बंगबंधु शेख मुजीबुर रहमान को फूल चढ़ाकर उन्हें श्रद्धांजलि दी। अवामी लीग के नेताओं ने ये कसम ऐसे समय खाई है, जब शेख हसीना के बेटे सजीब वाजेद ने उनकी बांग्लादेश की राजनीति में वापसी में संकेत दिए हैं। एक वीडियो संदेश में सजीब वाजेद ने कहा कि ‘मैंने कहा था कि हमारा परिवार राजनीति में वापसी नहीं करेगा लेकिन हमारे नेताओं और कार्यकर्ताओं को सताया जा रहा है तो हम चुप नहीं बैठ सकते।’
Home / News / शेख हसीना की होगी बांग्लादेश में वापसी… शेख मुजीबुर रहमान की कब्र पर अवामी लीग के नेताओं ने खाई कसम
IndianZ Xpress NZ's first and only Hindi news website