Thursday , September 10 2026 9:51 PM
Home / Uncategorized / शेख हसीना की बेटी साइमा का WHO के रीजनल डायरेक्टर पद से इस्तीफा, फ्रॉड के आरोप, बीते साल से छुट्टी पर थीं

शेख हसीना की बेटी साइमा का WHO के रीजनल डायरेक्टर पद से इस्तीफा, फ्रॉड के आरोप, बीते साल से छुट्टी पर थीं


बांग्लादेश की पूर्व प्रधानमंत्री शेख हसीना की बेटी साइमा वाजेद ने वर्ल्ड हेल्थ ऑर्गनाइजेशन (WHO) के साउथ-ईस्ट एशिया रीजनल डायरेक्टर पद से इस्तीफा दे दिया है। उनका इस्तीफा UN एजेंसी और बांग्लादेशी अधिकारियों की धोखाधड़ी और जालसाजी की जांच के बीच आया है। पिछले साल साइमा को संस्था ने बिना वेतन वाली एडमिनिस्ट्रेटिव लीव (प्रशासनिक छुट्टी) पर भेज दिया था। इसके बाद अब उन्होंने इस्तीफा दे दिया है। उन्होंने 2024 की शुरुआत में पांच साल के कार्यकाल के लिए रीजनल डायरेक्टर का पद संभाला था।
साइमा ने बुधवार को WHO के डायरेक्टर-जनरल टेड्रोस अदनोम घेब्रेयेसस को भेजे अपने इस्तीफे में लिखा है कि अपनी ड्यूटी निभाने से रोके जाने के बाद उन्होंने टेड्रोस के नेतृत्व पर भरोसा खो दिया है। वाजेद ने अपने इस्तीफे में लिखा कि उन्होंने अपने क्षेत्र के देशों की सेवा का काम पूरी ईमानदारी से किया लेकिन अब उनको संस्था के नेतृत्व पर विश्वास नहीं है।
मुझे अपने क्षेत्र के देशों की सेवा करने के लिए चुना गया था, जिस काम को मैंने पूरी ईमानदारी से किया। मुझे अपनी ड्यूटी ठीक से निभाने से लगातार रोका गया है इसलिए WHO में आपके नेतृत्व पर मेरा विश्वास खत्म हो गया है।
‘मेरी आर्थिक स्थिति भी बिगड़ी’ – साइमा ने कहा है मुझे बिना वेतन वाली छुट्टी पर भेजने के फैसले के एक साल तक बिना किसी वेतन के रहने के कारण मेरी आर्थिक स्थिति बहुत खराब हो गई है। ऐसे हालात में मैं पद छोड़ने का फैसला कर रही हूं। वाजेद को पहली बार जुलाई 2025 में छुट्टी पर भेजा गया था, जब बांग्लादेश के एंटी-करप्शन कमीशन ने उसी साल मार्च में उन पर धोखाधड़ी और जालसाजी के आरोप लगाए थे।
WHO को उनके वकीलों की ओर से भेजे गए एक पत्र के अनुसार, एजेंसी ने वाजेद पर चीन की यात्रा से जुड़ी वित्तीय धोखाधड़ी और अपनी शैक्षणिक योग्यता के बारे में गलत जानकारी देने का आरोप लगाया था। वाजेद ने इन आरोपों से इनकार किया है। वाजेद ने कहा कि उन्हें बांग्लादेश में ऑटिज्म पर उनके काम के लिए मानद डॉक्टरेट मिली है। उन्होंने इस क्वालिफिकेशन के बारे में टेड्रोस को जानकारी दी थी।
प्लॉट को लेकर भी आरोप – WHO ने यह भी आरोप लगाया कि उन्होंने बांग्लादेश में गैर-कानूनी तरीके से एक प्लॉट हासिल किया। हालांकि वाजेद का दावा है कि उन्होंने यह प्रॉपर्टी WHO में शामिल होने से पहले ली थी। वह बांग्लादेशी कानून के तहत वह इसकी हकदार थीं, जो उनके दादा और बांग्लादेश संस्थापक नेता शेख मुजीबुर रहमान के परिवार को कवर करता है।
एजेंसी अब साइमा वाजेद के उत्तराधिकारी को चुनने की प्रक्रिया शुरू कर सकती है। इसके लिए अक्टूबर में नॉमिनेशन की उम्मीद है, दिसंबर में एप्लीकेशन की जांच की जाएगी और चुनाव 24 जनवरी को हो सकते हैं।