Wednesday , April 15 2026 1:37 AM
Home / Uncategorized / होर्मुज स्ट्रेट में चीन-अमेरिका के टकराव की आहट, ट्रंप की नाकेबंदी पर बीजिंग आगबबूला, सीधी चेतावनी

होर्मुज स्ट्रेट में चीन-अमेरिका के टकराव की आहट, ट्रंप की नाकेबंदी पर बीजिंग आगबबूला, सीधी चेतावनी


चीन ने अमेरिका को होर्मुज जलडमरूमध्य की नाकाबंदी लगाने के खिलाफ चेतावनी दी है। चीन ने साफ कहा है उसके ईरान के साथ द्विपक्षीय संबंध और व्यापारिक रिश्ते हैं, जो जारी रहेंगे। इसमें किसी तीसरे देश को दखल देने की इजाजत नहीं दी जा सकती है। डोनाल्ड ट्रंप के आदेश पर अमेरिकी नेवी की होर्मुज स्ट्रेट की नाकाबंदी शुरू करने के बाद चीन की यह कड़ी प्रतिक्रिया आई है। चीन ने कहा कि उसके जहाज पहले की तरह ही होर्मुज से गुजरेंगे।
चीनी रक्षा मंत्री एडमिरल डोंग जून ने सोमवार को अपने बयान में कहा कि बीजिंग के ईरान के साथ व्यापार और ऊर्जा समझौते हैं। हम उम्मीद करते हैं कि दूसरे देश (अमेरिका) हमारे मामलों में दखल नहीं देंगे। हम साफ कर देना चाहते हैं कि होर्मुज जलडमरूमध्य का समुद्री रूट चीनी जहाजों के लिए खुला रहेगा। जून की टिप्पणी से साफ है कि अमेरिका ने अगर होर्मुज से गुजरने वाले चीनी जहाजों को रोका तो टकराव की स्थिति बन सकती है।
कोई भी देश होर्मुज के हमारे मामलों में दखल ना दे। हमारे जहाज होर्मुज जलडमरूमध्य से आ-जा रहे हैं। होर्मुज जलडमरूमध्य पर ईरान का नियंत्रण है और यह हमारे लिए खुला है। बीजिंग का इरादा तेहरान के साथ हुए समझौतों के तहत होर्मुज जलडमरूमध्य से अपना आवागमन जारी रखने का है। हम इसे जारी रखेंगे। चीनी रक्षा मंत्री डोंग जून
चीन का होर्मुज पर कड़ा बयान – इंडिया टुडे के मुताबिक, ईरान में युद्ध के बाद से चीन के रक्षा मंत्री की ओर से अमेरिका के लिए सबसे सख्त चेतावनी में साफ किया गया है कि बीजिंग के जहाजों का तेहरान के साथ हुए समझौतों के तहत होर्मुज जलडमरूमध्य से अपना आवागमन जारी रहेगा। उन्होंने साफ कहा कि ईरान के साथ व्यापार और ऊर्जा संबंधी समझौतों का चीन पूरा सम्मान करेगा।
ईरान के नियंत्रण वाला होर्मुज स्ट्रेट चीन के लिए बहुत अहमियत रखता है। यह समुद्री रूट उसकी तकरीबन 40 प्रतिशत तेल और 30 प्रतिशत एलएनजी जरूरतों को पूरा करता है। चीन को ईरान से बड़ी तादाद में तेल मिलता रहा है। ऐसे में ट्रंप के बयान ने बीजिंग की चिंता बढ़ाई है। चीन ने इस जलमार्ग को सुरक्षित करने पर जोर दिया है।
ट्रंप का नाकेबंदी का ऐलान – अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने ऐलान किया कि अमेरिकी नौसेना,रणनीतिक रूप से अहम होर्मुज जलडमरूमध्य के रास्ते ईरानी बंदरगाहों तक समुद्री पहुंच को रोक देगी। ईरान के साथ शनिवार में हुई अहम बातचीत के बेनतीजा खत्म होने पर ट्रंप ने यह कदम उठाया है। ट्रंप ने कहा है कि होर्मुज से जहाजों को नहीं गुजरने दिया जाए।
अमेरिकी सेंट्रल कमांड ने कहा कि यह नाकेबंदी ईरानी बंदरगाहों में आने-जाने वाले सभी जहाजो को निशाना बनाएगी। यह कदम ईरानी बंदरगाहों और तटीय इलाकों का इस्तेमाल करने वाले सभी देशों के जहाजों के खिलाफ लागू किया जाएगा। इससे चीन के साथ अमेरिका का तनाव बढ़ा है। ट्रंप ने चीन को 50 प्रतिशत टैरिफ लगाने की धमकी भी दी है।
होर्मुज स्ट्रेट क्यों चर्चा में – होर्मुज स्ट्रेट दुनिया का अहम समुद्री रूट है। अमेरिका और इजरायल के 28 फरवरी को किए गए हमलों के जवाब में ईरान ने इस समुद्री गलियारों को नियंत्रण में लिया है। इससे दुनियाभर में तेल-गैस की सप्लाई प्रभावित है, जिसने अमेरिका और डोनाल्ड ट्रंप को परेशान किया है। ऐसे में डोनाल्ड ट्रंप ने बार-बार होर्मुज स्ट्रेट पर बयान दिए हैं।