
मुंबई: पॉप सिंगर जस्टिन बीबर के फैंस के लिए एक बेहद खास खबर है। दुनियाभर में अपनी जादुई आवाज और अपने स्टाइल को लेकर मशहूर जस्टिन बीबर इस साल मई में भारत आ रहे है। भारत में भी जस्टिन के फैन्स की लिस्ट लंबी है और खासकर युवाओं के बीच उनका एक अलग ही क्रेज है।
फैन्स की इस लिस्ट में बॉलीवुड अभिनेत्री जैकलीन फर्नाडिज का नाम भी शामिल है। जैकलीन इंटरनेशनल स्तर के पॉप स्टार और ग्रैमी अवार्ड विजेता जस्टिन बीबर के मई में भारत दौरे के दौरान उनकी मेजबानी करेंगी। वह उन्हें मुंबई के मशहूर जगहों पर लेकर जाएंगी। उनकी इच्छा है कि वह बीबर को हर देसी चीज का स्वाद चखाएं। बीबर 10 मई को डीवाई पाटिल स्टेडियम में परपज वर्ल्ड टूर कार्यक्रम के तहत प्रस्तुति देंगे।
जैकलीन पॉप सिंगर को गेटवे ऑफ इंडिया, इस्कान टेम्पल, खरीदारी के लिए मशहूर बाजार कोलाबा कॉजवे के साथ ही ऑटो के जरिए बांद्रा की सड़कों के भी चक्कर लगवाना चाहती हैं। जैकलीन ने कहा, “मैं जस्टिन बीबर की बहुत बड़ी प्रशंसक हूं और मैंने पहले से ही कुछ ऐसी तैयारी कर रखी है। जिससें मुझे लगता है कि उनका टूर शानदार होगा। उनके भारत में आने पर मैं उन्हें देसीपन का अहसास कराना चाहती हूं। मैं उनकी टूर गाइड बनूंगी.”
IndianZ Xpress NZ's first and only Hindi news website