
बांग्लादेश की राजधानी ढाका में 26 मई की देर रात अमेरिका के राजदूत ब्रेंट क्रिस्टेंसन, प्रधानमंत्री तारिक रहमान और देश के पूर्व मुख्य सलाहकार मोहम्मद यूनुस के बीच एक गुप्त बैठक की गई है। बैठक गुप्त इसलिए थी क्योंकि इसके बारे में पहले से कोई जानकारी नहीं दी गई थी और इसका कोई शिड्यूल नहीं था। इस बैठक के बाद कूटनीतिक हलकों में चर्चा इसलिए भी तेज है और अटकलों का बाजार इसलिए भी गर्म है क्योंकि बैठक के बाद मोहम्मद यूनुस अघोषित पेरिस दौरे के लिए रवाना हो गये।
इस सीक्रेट बैठक के बाद मोहम्मद यूनुस ने 27 मई को सुबह-सुबह टर्किश एयरलाइंस की फ्लाइट से फ्रांस की राजधानी पेरिस के लिए उड़ान भरी। नॉर्थ ईस्ट न्यूज की रिपोर्ट के मुताबिक यूनुस के साथ उनकी करीबी सहयोगी लामिया मोरशेड भी थीं। उम्मीद है कि यूनुस 3 जून को ढाका लौटेंगे। मामले से परिचित सूत्रों के हवाले से नॉर्थ ईस्ट न्यूज ने बताया है कि तीनों लोगों की मुलाकात क्रिस्टेंसन के गुलशन स्थित आवास पर हुई जहां रहमान 26 मई को रात करीब 10 बजे बिना किसी सुरक्षा घेरे या प्रधानमंत्री के लिए तय प्रोटोकॉल के पहुंचे थे।
ढाका में अमेरिकी राजदूत के घर सीक्रेट बैठक – रिपोर्ट के मुताबिक इस बैठक को आधिकारिक बैठकों की शिड्यूल से बाहर रखा गया था और इस दौरान बांग्लादेश के सीनियर अधिकारी जो कि ऐसी बैठकों के दौरान मौजूद रहते हैं वो नहीं थे। इसीलिए ये बातचीत कितनी संवेदनशील थी इसका पता चलता है। हैरान करने वाली बात ये भी है कि ना तो बांग्लादेश के प्रधानमंत्री दफ्तर, ना ढाका स्थिति अमेरिकी दूतावास ने ही सार्वजनिक तौर पर इस बैठक को माना है। लेकिन बैठक की जानकारी रखने वाले अधिकारियों ने नॉर्थ ईस्ट न्यूज को बताया है कि बातचीत का मुख्य केंद्र बांग्लादेश का राजनीतिक बदलाव और अमेरिका, यूरोपीय संघ के साथ साथ भारत जैसे प्रमुख अंतरराष्ट्रीय पक्षों के साथ देश के संबंध थे।
रिपोर्ट के मुताबिक पेरिस में मोहम्मद यूनुस ने बांग्लादेश के कई पूर्व अधिकारियों से बातचीत की है। बांग्लादेश सरकार के सूत्रों ने बताया कि यूनुस की यह यात्रा 26 मई को हुई बैठक के बाद की चर्चाओं से जुड़ी थी। आपको बता दें कि पेरिस ही वह जगह थी जहां से यूनुस ने उड़ान भरी और 8 अगस्त 2024 को ढाका पहुंचे थे जब शेख हसीना की सरकार को एक हिंसक प्रदर्शन के बाद गिरा दिया गया था। जानकारों का मानना है कि इस यात्रा का समय यह संकेत देता है कि यह ढाका और उसके पश्चिमी सहयोगियों के बीच एक सुनियोजित कूटनीतिक प्रयास का हिस्सा है।
तारिक रहमान सरकार में यूनुस की होगी एंट्री! – नॉर्थ ईस्ट न्यूज ने ढाका के एक राजनीतिक पर्यवेक्षक के हवाले से कहा है कि घटनाओं का क्रम यह दर्शाता है कि पेरिस की यह यात्रा आखिरी समय में तय नहीं की गई थी। ऐसा लगता है कि यह 26 मई की बैठक के दौरान चर्चा की गई एक व्यापक रणनीति का हिस्सा है। विपक्षी नेताओं ने इस गुप्त बैठक और यूनुस की विदेश यात्रा दोनों के बारे में ज्यादा पारदर्शिता की मांग की है। उनका तर्क है कि राष्ट्रीय महत्व के मामलों की जानकारी जनता को दी जानी चाहिए।
हालांकि सरकारी अधिकारियों का जोर देकर कहना है कि ये गोपनीय विचार-विमर्श, मोहम्मद यूनुस की राज-काज में भूमिका की शुरुआत हो सकते हैं। यानि मोहम्मद यूनुस की तारिक रहमान की सरकार में किसी भूमिका के लिए एंट्री हो सकती है और इसके पीछे अमेरिका होगा। जैसे-जैसे सवाल बढ़ते जा रहे हैं अधिकारी इस मामले पर चुप्पी साधे हुए हैं। इसीलिए फिलहाल पता नहीं चल पाया है कि इस गुप्त बैठक के पीछे का मकसद क्या था और मोहम्मद यूनुस के पेरिस दौरे के दौरान क्या हुआ है?
Home / Uncategorized / बांग्लादेश में अमेरिकी दूत के साथ तारिक रहमान, मोहम्मद यूनुस की सीक्रेट बैठक, ढाका में आधी रात भारत को लेकर बात!
IndianZ Xpress NZ's first and only Hindi news website