Sunday , April 26 2026 1:29 AM
Home / News / इटली में कोरोना मौतों का ग्राफ गिरा, 4 मई से लॉकडाउन में मिलेगी ढील

इटली में कोरोना मौतों का ग्राफ गिरा, 4 मई से लॉकडाउन में मिलेगी ढील


कोरोना वायरस का कहर इटली में कुछ कम होता नजर आ रहा है। यहां महामारी से बिगड़े हालात अब धीरे-धीरे सुधर रहे हैं। यहां पिछले 24 घंटों में 415 मौतें और कोविड-19 के 2357 नए मामले दर्ज किए हैं। इटली के स्वास्थ्य मंत्रालय ने यह जानकारी दी है। बता दें कि यूरोप में कोरोना वायरस के संक्रमण से सबसे ज्‍यादा 26,000 से अधिक मौतें अकेले इटली में हुई हैं। वहीं, कोरोना वायरस से संक्रमितों का आंकड़ा 195,000 से अधिक पहुंच गया है। इटली के लोम्बार्डी क्षेत्र में कोरोना वायरस के सबसे अधिक मामले दर्ज किए गए हैं।

20 फरवरी को इटली के इस उत्तरी क्षेत्र में पहला मामला दर्ज किया था। यहां शनिवार को कोरोना वायरस के 700 नए मामले दर्ज किए गए। अब तक यहां 72 हजार से ज्‍यादा कोरोना संक्रमण के मामले सामने आ चुके हैं। इस बीच इटली के अधिकारियों ने 4 मई को लॉकडाउन में ढील दिए जाने से पहले आम लोगों को सचेत किया है। लोगों को कहा गया है कि लॉकडाउन में ढील के बाद शारीरिक दूरी का लोगों को सख्‍ती से पालन करना पड़ेगा। अगर ऐसा नहीं होता है, तो समस्‍याएं फिर बढ़ सकती है।
महामारी के लिए सरकार के आयुक्त डोमनिको अरकुरी ने बताया कि देश में नर्सिंग होम में मुफ्त मास्क का वितरण किया जाएगा। उन्होंने कहा कि इसके अलावा सरकारी अधिकारियों, परिवहन कर्मचारियों और पुलिसकर्मियों को भी निशुल्क मास्क वितरित किए जाएंगे। उन्होंने कहा कि इटली में लाखों लोगों को चार मई को अपने कार्यस्थलों पर लौटने की अनुमति दी जायेगी। इस दिन लॉकडाउन पाबंदियों में ढील दी जाएगी।