
दिल्ली के लाल किले में हुए ब्लास्ट के बाद कांग्रेस नेता पी चिदंबरम ने सरकार पर निशाना साधा है। उन्होंने कहा कि आतंकवादी दो तरह के होते हैं – विदेशी प्रशिक्षित और घरेलू। चिदंबरम ने सवाल उठाया कि किन परिस्थितियों में भारतीय नागरिक, यहां तक कि पढ़े-लिखे लोग भी आतंकवादी बन जाते हैं।
दिल्ली के लाल किले में हुए ब्लास्ट को लेकर अब सियासी बयानबाजी भी शुरू हो गई है। पूर्व गृह मंत्री और कांग्रेस नेता पी चिदंबरम ने इस मामले में सरकार को घेरते हुए अपने एक्स हैंडल पर तीखी प्रतिक्रिया दी है। उन्होंने लिखा कि पहलगाम आतंकी हमले से पहले और बाद में भी मैं यही कहता रहा हूं कि आतंकवादी दो तरह के होते हैं – विदेश से प्रशिक्षित घुसपैठिए आतंकवादी और घरेलू आतंकवादी।
मैंने संसद में ऑपरेशन सिंदूर पर बहस के दौरान भी यही कहा था। घरेलू आतंकवादियों के जिक्र पर मेरा मजाक उड़ाया गया और मुझे ट्रोल किया गया। हालांकि, मुझे कहना होगा कि सरकार ने इस पर चुप्पी साध ली क्योंकि सरकार जानती है कि घरेलू आतंकवादी भी होते हैं।
पी चिदंबरम ने कहा कि इस पोस्ट का मकसद यह है कि हमें खुद से पूछना चाहिए कि ऐसी कौन सी परिस्थितियां हैं जो भारतीय नागरिकों – यहां तक कि पढ़े-लिखे लोगों को भी आतंकवादी बना देती हैं।
बता दें कि पी चिदंबरम की यह टिप्पणी ऐसे समय में आई है जब दिल्ली विस्फोट मामले में कई संदिग्धों की गिरफ्तारी का खुलासा हुआ है। इनमें डॉक्टर मुजम्मिल गनई, अदील अहमद राथर, शाहीन शाहिद और उमर उन नबी शामिल हैं, जो कथित तौर पर जैश-ए-मोहम्मद से जुड़े फरीदाबाद स्थित एक आतंकी मॉड्यूल का हिस्सा थे।
Home / Uncategorized / ‘आतंकी दो तरह के होते हैं…’, दिल्ली धमाके पर कांग्रेस नेता पी चिदंबरम ने ये क्या बोल दिया? सरकार को भी घेरा
IndianZ Xpress NZ's first and only Hindi news website