
पाकिस्तान में प्रधानमंत्री इमरान खान को हाथ से सत्ता जाने का डर सता रहा है। खास बात यह है कि तीन “क” इमरान खान की कुर्सी के लिए खतरा बने हुएहैं। पाकिस्तानी सेना कश्मीर, कोरोना और कंगाली तीनो मुद्दों को लेकर इमरान खान सरकार से नाराज चल रही है। मीडिया में जारी कयासों के मुताबिक जल्द ही पाकिस्तानी सेना इमरान खान को प्रधानमंत्री के पद से हटाकर देश में मार्शल लॉ का औपचारिक ऐलान कर सकती है। इसका अंदाजा इस बात से लगाया जा रहा है कि पाक सेना ने पिछले दो महीनों के अंदर सिविल एडमिनिस्ट्रेशन में 12 लेफ्टिनेंट जनरल रैंक के अफसरों को तैनात किया है।
पाकिस्तान के पूर्व डिप्लोमैट और अब पत्रकार वाजिद शम्स उल हसन के अनुसार कोरोना वायरस के खिलाफ प्रधानमंत्री इमरान खान की नीतियों की विफलता से पाक सेना का शीर्ष नेतृत्व सख्त नाराज है। सामान्य प्रशासन में पिछले दो महीनों में जिस प्रकार से सैन्य अधिकारियों की नियुक्तियां की गई हैं इससे देश सैन्य शासन की ओर जाता दिख रहा है। उन्होंने कहा कि हालाांकि पाकिस्तान में अभी मार्शल लॉ का औपचारिक ऐलान नहीं किया गया है। वाजिद शम्स उल हसन का कहना है कि पाकिस्तान सरकार के उच्च पदों पर अब सैन्य अधिकारियों ने कब्जा जमा लिया है। वे इमरान सरकार की नीतियों को छोड़कर सैन्य नीतियों को आगे बढ़ा रहे हैं।
पाकिस्तान में सरकारी एयरलाइंस के एक्सीडेंट के बाद पाकिस्तान एयरलाइंस (पीआईए) और कोरोना वायरस पर लगाम लगाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहे नेशनल इंस्टीट्यूट ऑफ हेल्थ जैसे सबसे बड़े महकमों के चीफ अब फौजी अफसर हैं। गौरतलब है कि हाल में ही कोरोना को लेकर डब्लूएचओ ने पाकिस्तान को चेतावनी दी थी। जिसमें कहा गया था कि पाकिस्तान में कोरोना वायरस की स्थिति दिन प्रतिदिन गंभीर होती जा रही है। लॉकडाउन खोलने की 6 प्रमुख शर्तों में से पाकिस्तान ने एक का भी पालन नहीं किया और प्रतिबंधों को खत्म कर दिया। वहीं इमरान खान ने कहा कि पाकिस्तान एक और लॉकडाउन को नहीं झेल सकता। अगर पाकिस्तान में लॉकडाउन लगाया जाता है तो वहां लोग भूखों मर जाएंगे।
IndianZ Xpress NZ's first and only Hindi news website