Thursday , October 22 2026 7:41 PM
Home / Uncategorized / US-इजरायल जल्द कर सकते हैं ईरान पर हमला, इजरायली चुनावों से पहले शुरू हो सकता है अभियान, रिपोर्ट में दावा

US-इजरायल जल्द कर सकते हैं ईरान पर हमला, इजरायली चुनावों से पहले शुरू हो सकता है अभियान, रिपोर्ट में दावा


अमेरिका और इजरायल एक बार फिर से ईरान पर नए सिरे से हमले शुरू करने की तैयारी कर रहे हैं। ये सैन्य अभियान 27 अक्टूबर को होने वाले इजरायली चुनावों से पहले शुरू हो सकते हैं। ड्रॉप साइट ने गुरुवार को ईरानी अधिकारियों और एक अमेरिकी अधिकारी के हवाले से यह जानकारी दी है। हालांकि, वॉइट हाउस ने अमेरिका में मध्यावधि चुनाव से पहले अमेरिकी सेना की तरफ से हमले की किसी भी योजना से इनकार किया है।
यह रिपोर्ट ऐसे समय में आई है, जब अमेरिकी सेना मध्य पूर्व में अपनी मौजूदगी बढ़ा रही है। हाल ही में अमेरिकी रक्षा मंत्री पीट हेगसेथ ने मिडिल ईस्ट का दौरा किया था और क्षेत्र में सैन्य अभियानों का संचालन करने वाले अमेरिकी सेंट्रल कमांड के जवानों से मुलाकात की थी। रिपोर्टों के अनुसार, हेगसेथ ने इजरायल के प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू से भी सीक्रेट मुलाकात की थी।
ट्रंप दे सकते हैं अभियान को मंजूरी – एक अमेरिकी अधिकारी के हवाले से ड्रॉप साइट ने बताया कि राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ईरान के खिलाफ फिर से बड़े पैमाने पर सैन्य अभियान शुरू करने की मंजूरी दे सकते हैं। अधिकारी ने सैन्य संसाधनों को मिडिल ईस्ट भेजे जाने की पीछे इसे प्रमुख वजह बताया। अमेरिकी अधिकारी ने कहा, सेंट्रल कमांड बड़े पैमाने पर सैन्य अभियानों को फिर से शुरू करने के लिए सभी जरूरी तैयारियां कर रहा है। हालांकि, उसने इजरायली चुनावों से पहले हमले शुरू होने को लेकर आशंका जताई।
अमेरिकी सेना का बढ़ रहा जमावड़ा – अमेरिकी सेना मध्य पूर्व में अपनी उपस्थिति बढ़ा रही है। एयरक्राफ्ट कैरियर USS थियोडोर रूजवेल्ट और 13वीं मरीन एक्सपेडिशनरी यूनिट इस क्षेत्र की तरफ बढ़ रहे हैं। इसके साथ लगभग 10000 अतिरिक्त नौसैनिक और मरीन हैं। अमेरिका के दो एयरक्राफ्ट पहले से ही अरब सागर में मौजूद हैं।
हालांकि, वॉइट हाउस ने ईरान पर हमले को लेकर रिपोर्ट में किए गए दावों को खारिज कर दिया। वॉइट हाउस की प्रिंसिपल डिप्टी प्रेस सेक्रेटरी अन्ना केली ने ड्रॉप साइट से कहा, अमेरिका मध्यावधि चुनावों से पहले ईरान पर कोई हमला नहीं करेगा।
ईरान ने दी जोरदार पलटवार की धमकी – ईरान के सिक्योरिटी चीफ मोहसिन रेजाई ने कहा है कि अगर अमेरिका और इजरायल हमला करते हैं तो उन्हें करारा जवाब मिलेगा। रेजाई ने ड्रॉप साइट को बताया कि तेहरान के पास इस पूरे क्षेत्र में अमेरिकी संसाधनों के खिलाफ मिसाइलें और ड्रोन दागने की क्षमता है। रेजाई ने चेतावनी दी कि संघर्ष शुरू होता है तो केबल, डेटा सेंटर और AI सुविधाएं निशाने पर आ सकती हैं। उन्होंने कहा, “सभी को समझ लेना चाहिए कि ईरान के खिलाफ कोई भी कदम उठाने की कीमत चुकानी पड़ती है।”