Thursday , May 14 2026 10:10 PM
Home / Entertainment / Bollywood / दिग्गज एक्टर सुदेश कुमार का निधन, ब्रेन स्ट्रोक से गई जान, थे रणबीर कपूर के परदादा के रिश्तेदार

दिग्गज एक्टर सुदेश कुमार का निधन, ब्रेन स्ट्रोक से गई जान, थे रणबीर कपूर के परदादा के रिश्तेदार


साठ के दशक के मशहूर एक्टर और प्रोड्यूसर सुदेश कुमार का निधन हो गया है। वह 95 साल के थे। बताया जा रहा है कि दिग्गज एक्टर को ब्रेन स्ट्रोक आया था, जिसके बाद उन्हें एक मई को मुंबई के ब्रीच कैंडी अस्पताल में भर्ती करवाया गया था। सुदेश कुमार ने अपने घर पर आखिरी सांस ली। सुदेश कुमार का 1 मई को निधन हुआ था, और उसी दिन उनका अंतिम संस्कार कर दिया गया था। अब 4 मई को प्रार्थना सभा रखी गई है।
सांस लेने में थी तकलीफ, परिवार में पत्नी और बेटी – हमारे सहयोगी ‘ईटाइम्स’ के मुताबिक, सुदेश कुमार को सांस लेने में तकलीफ के कारण सोमवार, 27 अप्रैल को ब्रीच कैंडी अस्पताल में भर्ती करवाया गया था। वहां उनका इलाज चल रहा था, पर एक्टर की रिक्वेस्ट पर उन्हें घर वापस ले आए। इसकी जानकारी सुदेश कुमार की पत्नी ने दी। अब परिवार में पत्नी और बेटी मिशिका हैं।
सुदेश कुमार की पत्नी ने बताया क्या हुआ था – सुदेश कुमार की पत्नी जया धवन ने ईटाइम्स को फोन पर बताया, ‘उनकी इच्छा पर हम उन्हें गुरुवार को घर वापस ले आए। हमने घर पर एक मेक-शिफ्ट मेडिकल यूनिट भी लगाई थी, पर अगली सुबह उन्होंने आखिरी सांस ली।’
उनकी इच्छा पर हम उन्हें गुरुवार को घर वापस ले आए। हमने घर पर एक मेक-शिफ्ट मेडिकल यूनिट भी लगाई थी, पर अगली सुबह उन्होंने आखिरी सांस ली।
सुदेश के पिता चाहते थे डॉक्टर बने बेटा – सुदेश कुमार का जन्म साल 1931 में भारत के सीमावर्ती शहर पेशावर में हुआ था, पर परिवार उनके जन्म के बाद ही मुंबई आ गया था। पेशावर में ही दिलीप कुमार और राज कपूर भी पैदा हुए थे। सुदेश कुमार की पत्नी ने बताया कि एक्टर ने एल्फिंस्टन कॉलेज से साइंस में ग्रेजुएशन किया था। सुदेश कुमार के पिता चाहते थे कि वह डॉक्टर बनें। लेकिन सुदेश कुमार को एक्टिंग का चस्का था, और इसलिए पृथ्वीराज कपूर के थिएटर ग्रुप में शामिल हो गए।
पृथ्वीराज कपूर यानी रणबीर कपूर के दादा संग कनेक्शन – सुदेश कुमार की पत्नी ने बताया कि एक्टर पृथ्वीराज कपूर के दूर के रिश्तेदार थे। उनकी शुरुआती फिल्मों में से एक ‘पैसा’ को पृथ्वीराज कपूर ने डायरेक्ट किया था, जो साल 1957 में आई थी। सुदेश कुमार का असली नाम सुदेश धवन था, लेकिन उनका फिल्मी नाम बदलता रहा। कुछ फिल्मों में वह सदेश, कुछ में सूदेश कुमार और ज्यादातर में सुदेश कुमार ही रहे। सुदेश कुमार कमाल के डांसर भी थे। ‘आओ डांस करें, थोड़ा रोमांस करें’ गाने में मुमताज के साथ उनका मूव्स खूब पसंद किए गए थे।
सुदेश कुमार का करियर, 70s में फिल्में करने लगे थे प्रोड्यूस – सुदेश कुमार को शुरुआत में उन्हें कम बजट की कॉस्ट्यूम ड्रामा और भक्ति फिल्मों में रोल मिले, लेकिन 1959 में आई फिल्म ‘छोटी बहन’ में डॉक्टर के निभाए एक छोटे से रोल ने उन्हें खूब पहचान दिलाई। वह ‘सारंग’, ‘छोटी बहन’, ‘भरोसा’, ‘खानदान’, ‘जान हथेली पे’ और ‘उलझन’ जैसी फिल्मों के लिए जाने जाते थे। 70 के दशक में सुदेश कुमार फिल्में प्रोड्यूस करने लगे थे। उन्होंने ‘मन मंदिर’, ‘उलझन’, ‘बदलते रिश्ते’ और ‘जान हथेली पे’ जैसी फिल्में प्रोड्यूस कीं।