Friday , April 26 2024 2:59 PM
Home / News / ब्रिटिश क्वीन के लिए उमराह करने मक्का पहुंच गया यमनी शख्स, मस्जिद के भीतर दिखाया बैनर, हुआ गिरफ्तार

ब्रिटिश क्वीन के लिए उमराह करने मक्का पहुंच गया यमनी शख्स, मस्जिद के भीतर दिखाया बैनर, हुआ गिरफ्तार


यमन के एक शख्स को कथित रूप से सऊदी अधिकारियों ने गिरफ्तार किया है। यह व्यक्ति ब्रिटेन की दिवंगत महारानी एलिजाबेथ द्वितीय की ‘आत्मा की शांति’ के लिए इस्लाम के पवित्र शहर मक्का में ‘उमराह’ करने आया था। न्यूज एजेंसी एएफपी की खबर के अनुसार, यमनी नागरिक ने सोशल मीडिया पर अपना एक वीडियो शेयर किया था। इसमें वह मक्का की ग्रैंड मस्जिद के भीतर एक बैनर पकड़े नजर आ रहा है जिस पर लिखा है, ‘क्वीन एलिजाबेथ द्वितीय के लिए उमराह, हम ईश्वर से उन्हें स्वर्ग में स्वीकार करने की कामना करते हैं।’ पिछले गुरुवार को ब्रिटिश क्वीन का 96 साल की उम्र में निधन हो गया था। उन्होंने 70 साल तक देश पर शासन किया।
रिपोर्ट के अनुसार सऊदी अरब में मक्का जाने वाले तीर्थयात्रियों का बैनर साथ ले जाना या किसी तरह के नारे लगाना प्रतिबंधित है। यहां मृतक मुसलमानों की ओर से उमराह करना स्वीकार्य है लेकिन यह एलिजाबेथ जैसी गैर-मुस्लिमों पर लागू नहीं होता है। सऊदी अरब की सरकारी मीडिया के अनुसार सोमवार को शख्स को गिरफ्तार किया गया और अब उस पर मुकदमा चलाया जाएगा। शख्स का वीडियो सऊदी अरब की सोशल मीडिया पर तेजी से फैल गया और कई ट्विटर यूजर्स ने उसकी गिरफ्तारी की मांग की।