
रूस में राजद्रोह के आरोप में कैद एक अमेरिकी-रूसी महिला को कैदियों के आदान-प्रदान की नीति के तहत बृहस्पतिवार को रिहा कर दिया गया। महिला की वकील और अमेरिका के विदेश मंत्री मार्को रुबियो ने यह जानकारी दी। अमेरिका और रूस के बीच कैदियों के आदान-प्रदान की नीति के तहत यह रिहाई की गयी है। मार्को रुबियो ने ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में इसकी जानकारी देते हुए कहा, ‘‘सेनिया करेलिना विमान में बैठकर वापस अमेरिका आ रही हैं। ” करेलिना को फरवरी 2024 में यूराल पर्वतीय शहर येकातेरिनबर्ग में गिरफ्तार किया गया था और उसी वर्ष बाद में यूक्रेन की सहायता करने वाली एक चैरिटी को लगभग 52 डॉलर का दान देने के मामले में उसे देशद्रोह के जुर्म में दोषी ठहराया गया था।
अमेरिकी अधिकारियों ने करेलिना के खिलाफ मामले को “बिल्कुल हास्यास्पद” बताया है। पूर्व बैले डांसर करेलिना ने एक अमेरिकी नागरिक से शादी करने और लॉस एंजिलिस में रहने के बाद अमेरिकी नागरिकता प्राप्त की थी। पिछले वर्ष जब वह अपने परिवार से मिलने रूस लौटी थी तो उसे गिरफ्तार कर लिया गया था। रूस की संघीय सुरक्षा सेवा (एफएसबी) ने उस पर एक यूक्रेनी संगठन के लिए “सक्रिय रूप से” धन इकट्ठा करने का आरोप लगाया, जो कीव की सेना को उपकरण आपूर्ति कर रहा था।
Home / Uncategorized / रूस से रिहा हुई दोहरी नागरिकता रखने वाली अमेरिकी डांसर सेनिया करेलिना, राजद्रोह का लगा था आरोप
IndianZ Xpress NZ's first and only Hindi news website