Thursday , April 23 2026 10:27 PM
Home / Sports / यूएई ने 5 क्रिकेटर्स को दी अपने देश की नागरिकता, दो भारतीय तो आईपीएल में भी खेल चुके

यूएई ने 5 क्रिकेटर्स को दी अपने देश की नागरिकता, दो भारतीय तो आईपीएल में भी खेल चुके


यूएई ने 5 क्रिकेटर्स को नैचुरलाइजेशन के जरिए अपने देश की नागरिकता दी है। इसमें खुजैमा तनवरी, अजय कुमार, अक्षदीप नाथ , हरप्रीत सिंह भाटिया और अदीब उस्मानी शामिल हैं। ऐसा पहली बार हुआ है जब यूएई ने किसी क्रिकेटर को नागरिकता दी है। ये सभी खिलाड़ी उस 17 सदस्यीय टीम का हिस्सा हैं, जो नेपाल दौरे पर वनडे और टी20 मैच खेलने पहुंची है।
अक्षदीप और हरप्रीत आईपीएल में खेल चुके – अक्षदीप नाथ और हरप्रीत सिंह भाटिया भारतीय घरेलू क्रिकेट में बड़ा नाम थे।। आरसीबी, पंजाब और गुजरात लायंस का हिस्सा रहे 32 साल के अक्षदीप नाथ ने 20 अप्रैल को यूएई के लिए डेब्यू किया। वह घरेलू क्रिकेट में यूपी की कप्तानी भी कर चुके हैं। 2012 अंडर-19 विश्व कप में वह भारतीय टीम के उपकप्तान भी थे। घरेलू क्रिकेट में उनके नाम 6000 से ज्यादा रन हैं।
हरप्रीत सिंह भाटिया केकेआर, पुणे वॉरियर्स इंडिया और पंजाब किंग्स के लिए आईपीएल में खेल चुके हैं। वह आरसीबी का भी हिस्सा रहे हैं। वह छत्तीसगढ़ और मध्य प्रदेश के लिए खेलू क्रिकेट खेलते थे। 2025-26 विजय हजारे ट्रॉफी, रणजी ट्रॉफी और सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी खेलने के बाद वह यूएई गए हैं। भाटिया के नाम फर्स्ट क्लास क्रिकेट में 45 की औसत से 5403, लिस्ट ए में 42 की औसत से 3223 और टी20 में 35 की औसत से 3094 रन हैं।
अक्षदीप नाथ ने फिफ्टी ठोकी – यूएई के लिए डेब्यू करते हुए नेपाल के खिलाफ अक्षदीप नाथ ने पहले टी20 में नाबाद 17 और दूसरे में नाबाद 53 रनों की पारी खेली। हरप्रीत सिंह भाटिया के बल्ले से दो मैचों में सिर्फ तीन ही रन निकले। सीरीज के पहले मैच में यूएई ने अपने नाम किया तो दूसरे में नेपाल को जीत मिली।