Sunday , October 25 2026 12:37 AM
Home / Sports / तिलक वर्मा और नीतीश रेड्डी ने न्यूजीलैंड से छीनी जीत, आखिरी ओवर में टीम इंडिया ने यूं मारा मैदान

तिलक वर्मा और नीतीश रेड्डी ने न्यूजीलैंड से छीनी जीत, आखिरी ओवर में टीम इंडिया ने यूं मारा मैदान


अलोक गुप्ता, क्राइस्टचर्च | भारत ने न्यूजीलैंड के खिलाफ टी20 सीरीज का दूसरा मुकाबला जीत लिया है। आखिरी ओवर में टीम इंडिया को 4 विकेट से जीत मिली। तिलक वर्मा और नीतीश कुमार रेड्डी जीत के हीरो रहे। आखिरी 5 ओवर में भारत को जीत के लिए 68 रनों की जरूरत थी और 6 विकेट गिर चुके थे। न्यूजीलैंड के गेंदबाज पूरी तरह हावी थी लेकिन इसके बाद भी भारत ने आखिरी ओवर में मैच अपने नाम कर लिया। पहले बैटिंग करते हुए न्यूजीलैंड ने 5 विकेट पर 180 रन बनाए थे। 5 मैचों की सीरीज में भारत ने 2-0 की बढ़त बना ली है।
तिलक वर्मा ने नाबाद अर्धशतक लगाया
तिलक वर्मा 17वें ओवर के बाद 13 गेंद पर 17 रन बनाकर खेल रहे थे। आखिरी ओवर में उन्होंने 24 गेंदों पर फिफ्टी ठोक दी। 19वें ओवर में उन्होंने नाथन स्मिथ के खिलाफ तीन चौके और एक छक्का लगाकार 18 रन बनाए। आखिरी ओवर में भारत को जीत के लिए 11 रनों की जरूरत थी। 5वीं गेंद पर भारत ने मैच जीत लिया। 26 गेंदों पर 6 चौके और एक छक्का लगाकर तिलक ने 51 रन बना। नीतीश कुमार रेड्डी ने 13 गेंद पर 26 रनों की पारी खेली। नीतीश और तिलक के बीच 30 गेंदों पर 69 रनों की नाबाद साझेदारी हुई।
नमन धीर ने अहम योगदान दिया – भारतीय टीम की शुरुआत खराब रही। संजू सैमसन ने पहले ओवर मेडन खेला। वह 17 गेंद पर 14 रन बनाकर आउट हुए। वैभव सूर्यवंशी ने 8 गेंद पर 4 रन बनाए तो अभिषेक शर्मा ने 27 रनों का योगदान दिया। कप्तान श्रेयस अय्यर (7) और अक्षर पटेल (11) भी फेल रहे। 11वें ओवर में 70 रन पर भारत ने 5 विकेट खो दिए थे। नमन धीर ने इसके बाद टीम की पारी को पटरी पर ला दिया। उन्होंने 17 गेंदों पर 3 छक्के और एक चौका लगाकर 31 रन बनाए। मिचेल सेंटनर ने न्यूजीलैंड के लिए 21 रन देकर 4 विकेट लिए।
खराब शुरुआत के बाद न्यूजीलैंड की दमदार बैटिंग – टॉस गंवाकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी न्यूजीलैंड की शुरुआत अच्छी नहीं रही। टिम सीफर्ट को सिर्फ 7 रनों के स्कोर पर अर्शदीप सिंह ने पवेलियन भेजा। इसके बाद भुवनेश्वर कुमार की गेंद पर डेरिल मिचेल तिलक वर्मा को देकर आउट हुए। फिन एलन को प्रिंस यादव ने बेहतरीन गेंद पर क्लीन बोल्ड किया और वह 16 रन ही बना सके। 41 के स्कोर पर 3 विकेट खोकर मुश्किल में दिख रही न्यूजीलैंड की पारी को एक बार फिर ग्लेन फिलिप्स और बेवन जैकब्स ने संभाला। दोनों ने मिलकर चौथे विकेट के लिए 76 गेंदों में 116 रनों की शानदार साझेदारी निभाई।
जैकब्स ने 46 गेंदों का सामना करते हुए 58 रनों की दमदार पारी खेली। अपनी इस पारी के दौरान उन्होंने 5 चौके और एक छक्का लगाया। वहीं, ग्लेन फिलिप्स ने शानदार बल्लेबाजी करते हुए महज 43 गेंदों में 70 रनों की आतिशी पारी खेली। फिलिप्स ने अपनी इस इनिंग में 4 चौके और चार छक्के लगाए। मिचेल सैंटनर 4 और माइकल ब्रेसवेल 2 गेंदों में 10 रन बनाकर नाबाद रहे।
भुवनेश्वर कुमार ने स्पेल में 50 रन दिए – भारत की ओर से गेंदबाजी में भुवनेश्वर कुमार एक बार फिर काफी महंगे साबित हुए और उन्होंने 4 ओवर में 50 रन देकर सिर्फ एक विकेट चटकाया। वहीं, अर्शदीप सिंह टीम के सबसे सफल गेंदबाज रहे और उन्होंने 33 रन देकर 2 विकेट निकाले। अक्षर पटेल टीम के सबसे किफायती गेंदबाज रहे और उन्होंने 4 ओवर में सिर्फ 28 रन दिए। नीतीश कुमार रेड्डी और प्रिंस यादव ने एक-एक विकेट अपने नाम किया।