Saturday , October 24 2026 5:30 PM
Home / Sports / आज मिलेगा पहला मौका, वैभव सूर्यवंशी ने नेट्स में जमकर निकाला गुस्सा

आज मिलेगा पहला मौका, वैभव सूर्यवंशी ने नेट्स में जमकर निकाला गुस्सा


अलोक गुप्ता | क्राइस्टचर्च में पहले टी20 मुकाबले में 226 रनों के विशाल लक्ष्य को सफलतापूर्वक हासिल करने के बाद भारतीय क्रिकेट टीम दूसरे टी20 के लिए पूरी तरह तैयार है। हेगले ओवल के मैदान पर शनिवार को खेले जाने वाले इस मुकाबले से पहले दोनों टीमों के पास तैयारी के लिए बहुत कम समय था। इसके बावजूद मेहमान भारतीय टीम के खिलाड़ियों ने वैकल्पिक अभ्यास सत्र में जमकर पसीना बहाया जिसमें अभिषेक शर्मा और वैभव सूर्यवंशी जैसे विस्फोटक युवा बल्लेबाजों ने नेट्स में कड़ा अभ्यास किया।
नेट्स में वैभव ने की अभिषेक के साथ बैटिंग- नेट्स सेशन का सबसे मुख्य आकर्षण 16 वर्षीय स्थानीय ऑफ स्पिनर मेसन मैकलॉघलिन रहे जिन्होंने अपनी फिरकी से भारतीय कोचिंग स्टाफ को खासा प्रभावित किया। ऑस्ट्रेलियाई दिग्गज ऑफ स्पिनर नाथन लियोन की तर्ज पर गेंदबाजी करने वाले इस युवा स्पिनर ने अभ्यास के दौरान अभिषेक शर्मा और वैभव सूर्यवंशी दोनों को बोल्ड करके सबको चौंका दिया।
अभिषेक की कमजोरी हैं ऑफ स्पिनर – अभिषेक शर्मा के लिए ऑफ स्पिनरों के खिलाफ अपनी कमजोरी से निपटना एक बड़ी चुनौती बनी हुई है। सीरीज के पहले मैच में भी वे कीवी ऑफ स्पिनर माइकल ब्रेसवेल का शिकार बने थे। आंकड़ों पर नजर डालें तो टी20 क्रिकेट की 37 पारियों में अभिषेक 12 बार ऑफ स्पिनरों के खिलाफ अपना विकेट गंवा चुके हैं। ऐसे में नेट्स में स्थानीय ऑफ स्पिनर के खिलाफ अभ्यास करना भारतीय रणनीतिकारों की सोची-समझी योजना का हिस्सा माना जा रहा है।
वैभव सूर्यवंशी को मिलेगा आज पहला मौका – चोटिल ईशान किशन की जगह दूसरे टी20 मुकाबले में 14 वर्षीय प्रतिभाशाली बल्लेबाज वैभव सूर्यवंशी को प्लेइंग इलेवन में मौका मिलना लगभग तय है। ऐसे में भारतीय टीम दो बाएं हाथ के ओपनिंग बल्लेबाजों के साथ मैदान में उतरेगी। इस स्थिति को देखते हुए न्यूजीलैंड की टीम पावरप्ले के भीतर ही माइकल ब्रेसवेल और ग्लेन फिलिप्स जैसे ऑफ स्पिनरों का इस्तेमाल कर भारतीय ओपनरों पर दबाव बनाने की रणनीति अपना सकती है।