
वनडे सीरीज जीतने के बाद बांग्लादेश ने न्यूजीलैंड को टी20 सीरीज के पहले मुकाबले में भी हरा दिया है। चट्टोग्राम के बीर श्रेष्ठो फ्लाइट लेफ्टिनेंट मतीउर रहमान स्टेडियम पर खेले गए मैच में बांग्लादेश ने 6 विकेट से जीता। पहले बैटिंग करते हुए न्यूजीलैंड ने 6 विकेट पर 182 रन बनाए थे। बांग्लादेश ने पावरप्ले में 44 रन बनाने के बाद भी 18वें ओवर में मैच जीत लिया। तीन मैचों की सीरीज में टीम ने 1-0 की बढ़त बना ली है।
तौहीद हृदोय और शमीम हुसैन की विस्फोटक बैटिंग – 183 रनों के लक्ष्य का पीछा करने उतरी बांग्लादेश को सैफ हसन और तंजीद हसन तमीम ने सधी हुई शुरुआत दी। दोनों ने मिलकर पहले विकेट के लिए 41 रन जोड़े। सैफ 16 गेंदों में 17 रन बनाकर आउट हुए। वहीं, तंजीद ने 20 रन बनाने के लिए 25 गेंदें खेलीं। नंबर तीन पर उतरे लिटन दास ने ईश सोढ़ी की गेंद पर क्लीन बोल्ड होने से पहले 15 गेंदों पर 21 रनों की पारी खेली।
10.1 ओवर के बाद बांग्लादेश का स्कोर 77 रन पर तीन विकेट था। यहां से तौहीद हृदोय और परवेज हुसैन ने मोर्चा संभाला। दोनों के बीच चौथे विकेट के लिए सिर्फ 28 गेंदों में 57 रन साझेदारी हुई। परवेज 14 गेंदों में 28 रन बनाकर आउट हुए। हृदोय को शमीम हुसैन के रूप में एक और बढ़िया जोड़ीदार मिला। शमीम ने सिर्फ 13 गेंदों में 3 चौके और दो छक्कों की मदद से 31 रनों की नाबाद पारी खेली। दोनों ने 19 गेंदों में 49 रन जोड़कर टीम को लक्ष्य तक पहुंचा दिया। हृदोय ने 27 गेंदों में 2 चौके और 3 छक्कों की मदद से 51 रनों की पारी खेली। न्यूजीलैंड की तरफ से गेंदबाजी में ईश सोढ़ी ने 40 रन देकर 2 विकेट चटकाए।
खराब शुरुआत के बाद भी 183 तक पहुंची न्यूजीलैंड टीम – इससे पहले न्यूजीलैंड की शुरुआत अच्छी नहीं रही और टिम रोबिन्सन बिना खाता खोले रनआउट हुए। इसके बाद कैटेन क्लार्क और डेन क्लीवर ने दूसरे विकेट के लिए 88 रनों की अहम साझेदारी निभाई। क्लार्क ने 37 गेंदों का सामना करते हुए 51 रनों की दमदार पारी खेली। वहीं, क्लीवर ने महज 28 गेंदों का सामना करते हुए 7 चौके और एक छक्के की मदद से 51 रन बनाए।
न्यूजीलैंड टीम की कमान संभाल रहे निक केली ने 27 गेंदों में 39 रनों का योगदान दिया। उन्होंने अपनी इस पारी में 5 चौके और एक छक्का लगाया। वहीं, अंत के ओवरों में जोश क्लार्कसन ने महज 14 गेंदों का सामना करते हुए 2 चौके और एक छक्के समेत नाबाद 27 रन बनाए। बांग्लादेश की तरफ से गेंदबाजी में रिशाद हुसैन ने 4 ओवर के स्पेल में सिर्फ 32 रन खर्च करते हुए 2 विकेट चटकाए।
IndianZ Xpress NZ's first and only Hindi news website