Wednesday , July 1 2026 8:38 PM
Home / News / अफगान तालिबान ने पाकिस्तान में किया हवाई हमला, बलूचिस्तान और KP में ISIS-K के ठिकानों को बनाया निशाना, भारी नुकसान

अफगान तालिबान ने पाकिस्तान में किया हवाई हमला, बलूचिस्तान और KP में ISIS-K के ठिकानों को बनाया निशाना, भारी नुकसान


अफगानिस्तान पर शासन करने वाले तालिबान की सेना ने पाकिस्तान के अंदर ड्रोन से हवाई हमले किए हैं। तालिबान के रक्षा मंत्रालय ने इन हमलों की पुष्टि की है और बताया कि इन हमलों में आतंकवादी संगठन की इस्लामिक स्टेट खुरासान (ISIS-L) के ठिकानों को निशाना बनाया गया। ISIS-K इस्लामिक स्टेट से जुड़ा समूह है, जो अफगानिस्तान में सक्रिय है।
बलूचिस्तान और केपी में ठिकानों को बनाया निशाना – इन हमलों में पाकिस्तान के बलूचिस्तान और खैबर पख्तूनख्वा (KP) प्रांतों में समूह के ठिकानों को निशाना बनाया। अफगान मीडिया आउटलेट टोलो न्यूज ने तालिबान रक्षा मंत्रालय के हवाले से बताया कि जिन ठिकानों को निशाना बनाया गया, उनका इस्तेमाल अफगानिस्तान के अंदर नागरिकों के खिलाफ तोड़फोड़ की कार्रवाई और हमलों की योजना बनाने के लिए किया जा रहा था।
पाकिस्तान में ISIS-K को भारी नुकसान का दावा – तालिबान के रक्षा मंत्रालय ने कहा कि ये हमले बहुत सटीक थे जिससे ISIS-K के कई लड़ाके मारे गए हैं। उसने दावा किया कि पाकिस्तान के अंदर किए गए इन हमलों में किसी भी नागरिक की जान नहीं गई। रक्षा मंत्रालय ने इस बात पर जोर दिया कि अफगानिस्तान की सुरक्षा को कमजोर करने के लिए इस्तेमाल की जाने वाली किसी भी जगह को निशाना बनाया जाएगा। खैबर पख्तूनख्वा के सारन इलाके में एक स्कूल को निशाना बनाया। अफगान तालिबान का दावा है कि ISIS के लड़ाके इसका इस्तेमाल कर रहे थे।
पाकिस्तान लगातार कर रहा अफगानिस्तान में हमले – तालिबान ने ये हमले ऐसे समय में हुए हैं, जब पाकिस्तान के साथ तनाव लगातार बढ़ रहा है। इसके दो दिन पहले पाकिस्तानी वायुसेना ने अफगानिस्तान के पक्तिका प्रांत में हवाई हमले किए थे। तालिबान ने कहा है कि रविवार रात हुए पाकिस्तानी हमले में 36 नागरिक मारे गए, जबकि 163 लोग घायल हुए हैं।तालिबान के नेतृत्व वाली सरकार ने दावा किया है कि पक्तिया, पक्तिका और कुनर के पूर्वी प्रांतों में की गई सीमा-पार सैन्य कार्रवाई में व्यापक तबाही हुई है।
तालिबान के उप-प्रवक्ता हमदुल्लाह फितरत ने सोमवार को सोशल मीडिया पोस्ट में नागरिक हताहतों का विवरण साझा करते हुए कहा, “अब तक उपलब्ध रिपोर्ट्स के अनुसार, बीती रात हुए हमलों में महिलाओं और बच्चों सहित 36 नागरिकों की मृत्यु हो गई, जबकि 163 अन्य घायल हुए हैं। इसके अलावा, तीन आवासीय मकान पूरी तरह नष्ट हो गए।” भारत समेत अंतरराष्ट्रीय समुदाय ने इन हमलों की व्यापक निंदा की है।