Tuesday , September 8 2026 11:27 PM
Home / Uncategorized / UAE के राष्ट्रपति ने नेतन्याहू को दी थी हमास के हमले की चेतावनी, इजरायली PM की लापरवाही पर बड़ा खुलासा

UAE के राष्ट्रपति ने नेतन्याहू को दी थी हमास के हमले की चेतावनी, इजरायली PM की लापरवाही पर बड़ा खुलासा


तेल अवीव: इजरायल के पूर्व प्रधानमंत्री नेफ्ताली बेनेट ने आरोप लगाया है कि 7 अक्टूबर 2023 को हुए हमले को लेकर प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू को पहले से जानकारी थी। नेफ्ताली बेनेट ने कहा कि उन्हें पता था कि 7 अक्टूबर के नरसंहार से पहले हमास के प्लान के बारे में UAE के राष्ट्रपति मोहम्मद बिन जायद ने प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू को जो चेतावनी दी थी वह सच थी। उन्होंने 103FM से कहा ‘मैं आपको बता रहा हूं कि मुझे पता है कि यह बात सच है।’
बेनेट ने यह बात मंगलवार को ‘हारेट्ज़’ की एक जांच रिपोर्ट छपने के बाद कही जिसमें बताया गया था कि यूएई के राष्ट्रपति बिन जायद ने नेतन्याहू को खास तौर पर चेतावनी दी थी कि हमास के तत्कालीन नेता याह्या सिनवार एक ऑपरेशन की योजना बना रहे थे।
उन्होंने कहा ‘अमीरात के मोहम्मद बिन जायद ने नेतन्याहू को चेतावनी दी थी कि सिनवार एक ऑपरेशन की योजना बना रहे थे। मिस्र की जनरल इंटेलिजेंस के प्रमुख अब्बास कामेल ने भी नरसंहार से कुछ दिन पहले नेतन्याहू को चेतावनी दी थी कि एक बड़े ऑपरेशन की योजना बनाई जा रही थी।’ उन्होंने आगे कहा ‘मैं किसी के साथ अपने रिश्तों के बारे में बात नहीं करना चाहता। मैं आपको बता रहा हूं कि मुझे पता है कि यह बात सच है।’
क्या UAE के राष्ट्रपति ने नेतन्याहू को किया था टेलीफोन? – इजरायली मीडिया की रिपोर्ट के अनुसार यूएई के राष्ट्रपति शेख मोहम्मद बिन जायद ने 7 अक्टूबर के हमले से करीब 10 दिन पहले इजरायली प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू को फोन किया था। इस रिपोर्ट का समर्थन इजरायल के पूर्व प्रधानमंत्री नफ्ताली बेनेट ने भी किया है। हारेत्ज़ की एक खोजी रिपोर्ट और एक नई किताब के मुताबिक यूएई के राष्ट्रपति ने आबू धाबी के राष्ट्रपति महल से नेतन्याहू को फोन किया था और दोनों नेताओं के बीच 45 मिनट तक बातचीत हुई थी।
क्या नेतन्याहू ने हमास के हमले को लेकर लापरवाही बरती? – रिपोर्ट के मुताबिक यूएई के राष्ट्रपति बिन जायद ने नेतन्याहू से इस खतरे को गंभीरता से लेने को कहा था। लेकिन नेतन्याहू ने जवाब दिया कि उनके आकलन के अनुसार हमास वेस्ट बैंक में कार्रवाई करने की योजना बना रहा है और उन्होंने UAE के राष्ट्रपति को भरोसा दिलाया कि इजरायल किसी भी स्थिति का सामना करने के लिए तैयार है।
इस बातचीत की जानकारी रखने वाले तीन वरिष्ठ विदेशी सूत्रों का हवाला दिया गया। रिपोर्ट में बिन जायद के एक करीबी सलाहकार का भी जिक्र है जिन्होंने बताया कि यह चेतावनी एक ऐसे फिलिस्तीनी मध्यस्थ के जरिए मिली जिसके हमास और इजरायली सुरक्षा अधिकारियों दोनों से संबंध थे।
जांच में बताया गया कि सितंबर 2023 में सिनवार ने उसी मध्यस्थ के जरिए चेतावनी दी थी कि वह एक ‘ज़िलज़ाल’ यानी भूकंप की तैयारी कर रहा है। बाद में उसने अपनी योजना को ‘सभी सरप्राइज में सबसे बड़ा सरप्राइज’ और ‘एक भयानक ऑपरेशन’ बताया। आपको बता दें कि बाद में इजरायली ऑपरेशन में याह्या सिनवार को इजरायली सैनिकों ने मार गिराया।
नेतन्याहू को कब दी थी हमास के प्लान की जानकारी? – रिपोर्ट में मामले की जानकारी रखने वाले 3 अधिकारियों ने कहा कि यह संदेश UAE के नेताओं और 15 सितंबर को शिन बेट तक पहुंचाया गया। शिन बेट के तत्कालीन प्रमुख रोनेन बार ने नेतन्याहू को सिनवार की चेतावनी के बारे में जानकारी दी जिसके बाद दो दिन बाद वरिष्ठ रक्षा अधिकारियों ने सुरक्षा बैठक की। रिपोर्ट में बताया गया है कि उस बैठक में रोनेन बार ने चेतावनी दी कि इजरायल ‘टकराव की स्थिति’ की ओर बढ़ रहा है। उन्होंने सुझाव दिया कि यहूदी त्योहारों से पहले गाजा और वेस्ट बैंक में या तो कोई बड़ा आक्रामक कदम उठाया जाए या रक्षा के कड़े उपाय किए जाएं लेकिन चर्चा के बाद कोई फैसला नहीं लिया गया।
रिपोर्ट के मुताबिक जब UAE के नेताओं को लगा कि इजरायल ने उस जानकारी पर ठीक से प्रतिक्रिया नहीं दी तो बिन जायद ने सीधे नेतन्याहू से संपर्क करने का फैसला किया। जांच में यह भी कहा गया है कि उसी दौरान मिस्र के इंटेलिजेंस चीफ अब्बास कामेल ने भी नेतन्याहू से संपर्क किया और उन्हें हमास की ओर से किसी ‘असामान्य, डरावने ऑपरेशन’ की योजना बनाए जाने के बारे में चेतावनी दी। खबरों के मुताबिक नेतन्याहू ने जवाब दिया कि इजरायल गाजा में हालात पर काबू रखे हुए है और वेस्ट बैंक पर अपना ध्यान और सैनिकों की तैनाती पर फोकस कर रहा है।