
रविवार को भारत के खिलाफ तीसरे और अंतिम क्रिकेट टेस्ट के दूसरे दिन खेल खत्म होने तक श्रीलंका ने 3 विकेट खोकर 131 रन बना लिए हैं। कप्तान दिनेश चांदीमल(25) और एंजेलो मैथ्यूज(57) रन बनाकर क्रीज पर टिके हुए हैं। इससे पहले भारतीय कप्तान विराट कोहली ने लंच के बाद श्रीलंकाई खिलाड़ियों के स्मोग के कारण बार बार खेल रोके जाने से तंग आकर भारत की पहली पारी सात विकेेट पर 536 रन पर घोषित कर दी।
IND 536/7 decl
SL 131/3 (44.3 Ovs)
कोच रवि शास्त्री श्रीलंकाई खिलाड़ियों के रवैये से लग रहे थे नाराज
कप्तान विराट कोहली (243) के विश्व रिकॉर्ड दोहरे शतक की बदौलत भारत लंच तक 500 का स्कोर बना चुका था। लंच के बाद जब खेल शुरु हुआ तो करीब एक घंटे बाद ही श्रीलंकाई खिलाड़ियों ने स्मोग को लेकर बार बार शिकायत करने शुरु की जिससे खेल रूकता रहा। श्रीलंकाई खिलाड़ियों की पहली बार शिकायत पर स्मोग के कारण करीब 20 मिनट तक खेल रूका रहा। श्रीलंका के 5-6 खिलाड़ी लंच के बाद बकायदा मास्क पहनकर मैदान में उतरे थे। खेल जब शुरु हुआ तो थोड़ी देर बाद फिर श्रीलंकाई खिलाड़ी स्मोग को लेकर अंपायर के पास पहुंच गए। फिर कुछ देर के लिए खेल रूक गया। भारतीय ड्रेसिंग रूम में बैठे टीम इंडिया के कोच रवि शास्त्री श्रीलंकाई खिलाड़ियों के इस रवैये से बेहद नाराज दिखाई दे रहे थे। खेल एक बार फिर शुरु हुआ लेकिन चंद गेंदों बाद ही दोबारा खेल रोक देना पड़ा।
विराट ने की धमाकेदार बल्लेबाजी
विराट ने 287 गेदों पर 25 चौकों की मदद से 243 रन की रिकॉर्डतोड़ पारी खेली। विराट का इस सीरीज में यह लगातार दूसरा दोहरा शतक और ओवरआल छठा दोहरा शतक। विराट ने इसके साथ ही कप्तान के रूप में 6 दोहरे शतक बनाने का नया विश्व रिकॉर्ड कायम कर दिया है। कोहली ने टेस्ट क्रिकेट में 235 रन के अपने पिछले सर्वश्रेष्ठ व्यक्तिगत स्कोर के रिकार्ड को पीछे छोडा जो उन्होंने पिछले साल दिसंबर में मुंबई में इंग्लैंड के खिलाफ बनाया था। विराट के अलावा रोहित शर्मा ने भी अच्छा खेला और परेरा पर छक्के के साथ 88 गेंद में अर्धशतक पूरा किया। वह हालांकि लंच से पहले की संदाकन की अंतिम गेंद पर विकेटकीपर निरोशन डिकवेला को कैच दे बैठे।
IndianZ Xpress NZ's first and only Hindi news website