
पिछले चार दिनों से सूडान में संघर्ष जारी है. सूडान के अर्धसैनिक बल ‘रैपिड सपोर्ट फोर्स’ यानी आरएसएफ और वहां की सेना आमने-सामने हैं. दोनों पक्ष सूडान की राजधानी खार्तूम के अलग-अलग हिस्सों पर नियंत्रण स्थापित करने का दावा कर रहे हैं. ये जंग सूडान की राजधानी खार्तूम से शुरू होकर देश के अलग-अलग हिस्सों में फैल रही है. इस संघर्ष में अभी तक 270 लोगों के मारे जाने की खबर सामने आई है. वहीं 2600 से ज्यादा लोगों के घायल होने का अनुमान है.
हालांकि, डॉक्टरों के एक संगठन का दावा है कि इस संघर्ष में अब तक 100 लोगों की मौत हुई है. दो सेनाओं की आपसी जंग में 31 भारतीय भी फंसे हुए हैं. ये लोग मदद की गुहार लगा रहे हैं. खबरों के मुताबिक अब तक एक भारतीय की जान भी जा चुकी है. वहां की स्थिति को देखते हुए भारत सरकार सूडान में फंसे अपने नागरिकों की सुरक्षा के लिए कई देशों से संपर्क करने में जुटी है. सरकारी सूत्रों के मुताबिक, सऊदी अरब और यूएई ने जमीनी स्तर पर भारत को अपना समर्थन देने आश्वासन दिया है.
अब तक आई रिपोर्ट के मुताबिक सूडान में फंसे ये 31 भारतीय कर्नाटक के हक्की-पिक्की आदिवासी समुदाय के हैं. कांग्रेस के वरिष्ठ नेता सिद्धरमैया ने मंगलवार को केंद्र सरकार से इन लोगों को वापस लाने की मांग की , जबकि राज्य सरकार ने कहा कि उसने केंद्र सरकार को पूरे मामले से अवगत करा दिया है.
इस बीच कर्नाटक राज्य आपदा प्रबंधन प्राधिकरण (केएसडीएमए) ने कहा है कि उन्होंने विदेश मंत्रालय को सूचित कर दिया है और बचाव प्रक्रिया में तेजी लाने के लिए सूडान में भारतीय दूतावास के साथ बातचीत कर रहे हैं.
सूडान में फंसे भारतीयों के लिए भारतीय दूतावास ने जारी किए परामर्श – भारतीय दूतावास ने शनिवार को गोलीबारी और झड़पों को देखते हुए सूडान में रह रहे सभी भारतीयों को अपने-अपने घरों के अंदर रहने की सलाह दी थी. दूतावास ने ट्वीट कर लोगों से अत्यधिक सावधानी बरतने, घर से बाहर न निकलने की अपील की थी.
इस एडवाइजरी में सूडान जाने वाले भारतीयों से अपील की गई थी कि वे अपनी यात्रा फिलहाल स्थगित कर दें और अगली सूचना का इंतज़ार करें.
विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता अरिंदम बागची ने कहा कि सूडान में मौजूदा स्थिति के मद्देनजर जानकारी और सहायता प्रदान करने के लिए मंत्रालय में एक 24X7 सेवा स्थापित की गई है. हेल्पलाइन नंबर 1800118797, +91-11-23012113, +91-11-23014104, +91-11-23017905, +91 9968291988 हैं.
IndianZ Xpress NZ's first and only Hindi news website