
एड्रियाटिक सागर की तलहटी में 2,000 से ज्यादा साल पहले डूबा जहाज उन लोगों के बारे में नए सुराग दे रहा है, जो कभी उस पर सवार होकर यात्रा करते थे। क्रोएशिया के विस द्वीप के पास डूबे हुए जहाज की खोज कर रहे पुरातत्वविदों को इसके मलबे से दुर्लभ मिट्टी के बर्तन, प्राचीन सिक्के और सिरेमिक के बर्तन मिले हैं। इन पर ऐसे निशान बने हैं, जिनसे शायद उनके मालिकों की पहचान मुमकिन है। इससे करीब 2300 साल पहले की जहाज यात्रा के बारे में कई नई जानकरी मिल सकती हैं।
क्रोएशियन कंजर्वेशन इंस्टीट्यूट के अनुसार, यह डूबा हुआ जहाज क्रोएशिया के कोमिजा शहर के पास ग्जिलना खाड़ी में मिला था। इसी इलाके में शोधकर्ताओं ने पहले केवल प्राचीन परिवहन जार के टुकड़ों की पहचान की थी। 2023 और 2025 के बीच पानी के नीचे की गई खुदाई से पता चला कि सतह के नीचे और भी बहुत कुछ बचा है।
कैसे मिला जहाज का मलबा – शोधकर्ताओं ने जहाज के लकड़ी के ढांचे का एक हिस्सा खोजा, जिसमें उसकी कील (जहाज का निचला मुख्य ढांचा) का एक हिस्सा और 20 फीट सुरक्षित लकड़ी के तख्ते शामिल थे। साथ ही उन्हें जहाज का सामान, सिक्के, जानवरों की हड्डियां और कई तरह के सिरेमिक बर्तन मिले।
माना जाता है कि यह डूबा हुआ जहाज चौथी या तीसरी सदी ईसा पूर्व का है, यानी यह तकरीबन 2,300 साल पुराना हो सकता है। मिली चीजों में पीने के कप, प्लेट, कटोरे और तरल पदार्थ डालने के लिए इस्तेमाल होने वाले छोटे बर्तन शामिल थे, जिनमें वाइन पीने से जुड़े मिट्टी के बर्तन भी थे।
यह खोजें शोधकर्ताओं को प्राचीन नेविगेशन, व्यापार और जहाजों पर रोजमर्रा की जिंदगी को बेहतर ढंग से समझने में मदद कर रही हैं। यह उस समय की बात है जब विस और ह्वार पर ग्रीक बस्तियां सक्रिय थीं।
ये निशान बर्तन बनने के बाद बनाए गए थे। इसलिए शोधकर्ताओं को संदेह है कि इनका इस्तेमाल ऊंचे सामाजिक दर्जे वाले चालक दल के सदस्य के सामान की पहचान करने के लिए किया गया होगा। यह खोज इस बात की एक संभावित झलक देती है कि नाविक एड्रियाटिक सागर में अपनी यात्रा के दौरान अपने साथ क्या-क्या ले जाते थे।
जहाज में बड़े कंटेनर – जहाज में बड़े सिरेमिक कंटेनर भी थे, जिन्हें कोरिंथियन टाइप बी एम्फोरा कहा जाता है। इनका इस्तेमाल ऐतिहासिक रूप से वाइन और तेल के परिवहन के लिए किया जाता था। क्रोएशिया के पूर्वी एड्रियाटिक तट पर इस तरह के ग्रीक मिट्टी के बर्तनों वाले डूबे हुए जहाज बहुत कम मिलते हैं। इस इलाके में केवल दो अन्य ज्ञात उदाहरण हैं।
पुरातत्वविदों ने शुरू में जहाज के मलबे की तारीख का पता एम्फोरा (मिट्टी के बर्तन) के टुकड़ों और जहाज के लंगर के सीसे वाले हिस्से की जांच करके लगाया। बाद की खुदाई में प्राचीन फारोस का एक सिक्का मिला, जो पास के ह्वार द्वीप पर एक ग्रीक बस्ती थी। जहाज के बचे हुए लकड़ी के हिस्से इस खोज का एक और अहम हिस्सा हैं।
शोधकर्ताओं की मदद – इससे शोधकर्ताओं को जहाज की बनावट को समझने में मदद मिलती है, जो दो हजार साल से पहले एड्रियाटिक सागर में चलता था। जांच का नेतृत्व कर रहे क्रोएशियाई कंजर्वेशन इंस्टीट्यूट के अंडरवाटर आर्कियोलॉजी विभाग के जुरिका बेजाक का मानना है कि मिट्टी के बर्तनों पर लिखे शब्द खासतौर पर दिलचस्प हैं क्योंकि वे जहाज के सामान के सबूत से कहीं ज्यादा जानकारी दे सकते हैं।
Home / Uncategorized / 2300 साल पहले कैसे बर्तन इस्तेमाल करते थे नाविक, प्राचीन जहाज के मलबे से मिली चीजें देख पुरातत्वविद हैरान
IndianZ Xpress NZ's first and only Hindi news website