Thursday , July 9 2026 8:28 AM
Home / Uncategorized / होर्मुज स्ट्रेट से भारत आ रहे जहाज पर ड्रोन हमला, ओमान की खाड़ी के पास बनाया निशाना, तनाव

होर्मुज स्ट्रेट से भारत आ रहे जहाज पर ड्रोन हमला, ओमान की खाड़ी के पास बनाया निशाना, तनाव


कतर से भारत आ रहे एक जहाज पर होर्मुज स्ट्रेट में कथित तौर पर हमला हुआ है। इस जहाज पर ड्रोन से हमला किया गया। हमले का शिकार हुए जहाज पर 29 क्रू सदस्य हैं, जिनमें चार भारतीय नागरिक हैं। हमले में किसी के हताहत होने या पर्यावरण को नुकसान पहुंचने की जानकारी नहीं है। जानकारी के मुताबिक सभी क्रू सदस्य पूरी तरह से सुरक्षित हैं। यह घटना ओमान की खाड़ी में होर्मुज जलडमरूमध्य के पास हुई है।
सूत्रों ने बताया कि हमले के बाद जहाज के इंजन रूम में आग लग गई और बहुत ज्यादा धुआं उठता हुआ देखा गया। यह जहाज कतर के रास लाफान से भारत के दाहेज (गुजरात) आ रहा है। इस जहाज का नाम LNGC अल रेकाय्यत है, जिसें हमले में काफी नुकसान हुआ है। हमले के बाद यह स्पष्ट नहीं है कि जहाज आगे का सफर करेगा या इसमें कोई रुकावट आई है।
होर्मुज में जहाजों पर हमले – मंगलवार, 7 जुलाई का दिन होर्मुज स्ट्रेट में भारी तनाव वाला रहा है। भारत आ रहे जहाज के अलावा भी कई टैकरों पर हमले हुए हैं। ब्रिटिश सेना ने मंगलवार को होर्मुज जलडमरूमध्य से गुजर रहे तीन जहाजों पर हमलों की पुष्टि की है। यूनाइटेड किंगडम मैरीटाइम ट्रेड ऑपरेशन्स (UKMTO) ने बताया कि जहाजों को अज्ञात प्रक्षेपास्त्र से निशाना बनाया गया।
ईरान की ओर से यह नहीं कहा गया है कि मंगलवार के हमले उसकी सेना ने किए हैं। हालांकि अमेरिका ने इसके लिए पीछे ईरान का हाथ माना है। बताया गया है कि इन जहाजों को निशाना तब बनाया गया, जब ये जहाज ईरान के तय किए गए समुद्री रास्ते से भटक गए थे। ईरानी सेना ने जहाजों को होर्मुज स्ट्रेट में उसके तय किए रास्तों से ही गुजरने के लिए कहा है।
अमेरिका के ईरान पर हमले – होर्मुज स्ट्रेट में जहाजों पर हमले का इल्जाम ईरान पर लगाते हुए अमेरिका ने नए सिरे से एयर स्ट्राइक की हैं। होर्मुज स्ट्रेट के पास स्थित ईरान के द्वीपों पर अमेरिकी सेना ने बमबारी की है। ईरानी मीडिया ने अमेरिकी हमलों की पुष्टि करते हुए बताया है कि केशम और बंदर अब्बास में बुधवार तड़के धमाकों की आवाज सुनाई गई है।
यूएस सेंट्रल कमांड ने ईरान पर हमलों के बाद जारी बयान में कहा गया कि अमेरिकी सेना ने अंतरराष्ट्रीय जलमार्ग में कमर्शियल जहाजों को निशाना बनाने के जवाब में अटैक किए हैं। अमेरिका ने ईरान के एयर डिफेंस सिस्टम, तटीय निगरानी सिस्टम, जमीन से हवा में मार करने वाली मिसाइलों और ड्रोन लॉन्च साइट्स पर हमले किए हैं।
अमेरिका ने ईरानी तेल बेचने की मंजूरी देने वाला वह लाइसेंस भी रद्द कर दिया है, जो अमेरिका और ईरान के बीच लड़ाई खत्म करने के लिए हुए अंतरिम समझौते का हिस्सा था। ईरानी विदेश मंत्रालय ने हमलों और लाइसेंस कैंसिल होने पर कहा है कि यह अंतरिम डील का उल्लंघन है और इसके गंभीर नतीजे होंगे।