Saturday , June 20 2026 6:05 AM
Home / Uncategorized / ‘भारत-फ्रांस की दोस्ती अमर रहे’, मैक्रों के हिंदी में विदाई संदेश ने जीता दिल, PM मोदी को बताया सच्चा दोस्त

‘भारत-फ्रांस की दोस्ती अमर रहे’, मैक्रों के हिंदी में विदाई संदेश ने जीता दिल, PM मोदी को बताया सच्चा दोस्त


प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का फ्रांस दौरा खत्म होने पर फ्रांसीसी राष्ट्रपति इमैनुएल मैक्रों ने उन्हें सरप्राइज दिया है। मैक्रों ने पीएम मोदी के लिए हिंदी में खास विदेश संदेश रिकॉर्ड किया। फ्रांसीसी राष्ट्रपति का प्रधानमंत्री मोदी को भारतीय भाषा में संबोधित करने की कोशिश ने सभी का ध्यान खींचा है। यह संदेश उस समय दिया गया जब पीएम मोदी फ्रांस की अपनी सफल यात्रा पूरी कर रहे थे।
हिंदी में मैक्रों का संदेश – मैक्रों ने हिंदी में कहा, “प्रिय मित्र नरेंद्र, मुझे बहुत खुशी है कि आप पेरिस में हैं। यहां आपका स्वागत करते हुए मुझे बहुत खुशी हो रही है। भारत और फ्रांस की दोस्ती अमर रहे।” इसके बाद मैक्रों मुस्कराए और आगे की बात अंग्रेजी में की। उन्होंने कहा “उम्मीद है कि मेरी हिंदी सही थी। लेकिन, मेरे प्रिय प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, मैं आपकी दोस्ती के लिए दिल से धन्यवाद देना चाहता हूं।
पीएम मोदी को बताया सच्चा दोस्त – मैक्रों ने आगे कहा, “फ्रांस आपसे प्यार करता है। मुझे बहुत खुशी है कि आप यहां हैं और दिल्ली लौटने से पहले इतने सारे दोस्तों के साथ समय बिता रहे हैं। मैं अगले फरवरी में भारत आऊंगा, लेकिन आप मेरे सच्चे मित्र हैं। हम आपसे प्यार करते हैं। अपना ख्याल रखिए।”
पीएम मोदी ने पेरिस में लिया विवाटेक में हिस्सा – इससे पहले दिन में प्रधानमंत्री मोदी और राष्ट्रपति मैक्रों ने पेरिस में आयोजित ‘विवाटेक 2026’ में हिस्सा लिया, जो यूरोप का सबसे बड़ा टेक्नोलॉजी और स्टार्टअप कार्यक्रम माना जाता है। तकनीकी उद्यमियों, स्टार्टअप्स, निवेशकों और बिजनेस लीडर्स को संबोधित करते हुए प्रधानमंत्री मोदी ने मानव-केंद्रित आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (एआई), नई तकनीकों और उभरती तकनीकों में भारत-फ्रांस सहयोग के बढ़ते दायरे पर भारत की सोच को सामने रखा।
उन्होंने कहा कि तकनीक ने भारत में बड़े बदलाव लाए हैं। डिजिटल पेमेंट्स, एआई की मदद से कृषि में प्रगति और अंतरिक्ष क्षेत्र में आधुनिक तकनीकों के उपयोग ने देश को नई दिशा दी है। मुख्य भाषण के बाद प्रधानमंत्री मोदी और राष्ट्रपति मैक्रों ने भारतीय स्टार्टअप्स और इनोवेटर्स से भी मुलाकात की। इन स्टार्टअप्स ने उद्योग, स्वास्थ्य सेवा, पर्यावरण संरक्षण और परिवहन जैसे क्षेत्रों के लिए नई तकनीकों और व्यावहारिक समाधान प्रदर्शित किए।
विदेश सचिव विक्रम मिस्री ने कहा कि फ्रांस के साथ भारत के संबंध वैश्विक स्तर पर सबसे मजबूत द्विपक्षीय रिश्तों में से एक हैं। दोनों देशों के बीच अंतरिक्ष, रक्षा और कई अन्य महत्वपूर्ण क्षेत्रों में गहरा सहयोग जारी है।