
नेपाल में प्रधानमंत्री केपी शर्मा ओली और पूर्व पीएम पुष्प कमल दहल के बीच विवाद खत्म होने का नाम नहीं ले रहा है। दोनों पक्षों के बीच एक अंतरिम डील हुई थी और कहा गया था कि पार्टी की आम सभा की बैठक नवंबर/दिसंबर में बुलाई जाएगी। इस डील से अब और ज्यादा विवाद बढ़ गया है। नेपाल कम्युनिस्ट पार्टी के वरिष्ठ नेता माधव कुमार नेपाल ने पर्दे के पीछे से हुए इस समझौते पर कड़ी आपत्ति जताई है।
काठमांडू पोस्ट की रिपोर्ट के मुताबिक शनिवार को ओली और प्रचंड के बीच राष्ट्रपति विद्या देवी भंडारी की मौजूदगी में समझौते पर सहमति बनी थी। उधर, रविवार को प्रचंड विरोधी माधव कुमार नेपाल खेमे को मनाने में जुटे रहे। माधव कुमार के खेमे का मानना है कि ओली के इस्तीफे की मांग छोड़कर प्रचंड ने उन्हें एक बार फिर से धोखा दिया है।
प्रचंड ने ओली के इस्तीफे के मुद्दे को नहीं उठाया
कम्युनिस्ट पार्टी के नेताओं के मुताबिक प्रचंड ने शनिवार को हुई बैठक में ओली के इस्तीफे के मुद्दे को ही नहीं उठाया। रविवार को माधव कुमार नेपाल और झालानाथ खनल समेत पार्टी के कई वरिष्ठ नेता प्रचंड के घर पहुंचे और उन्होंने ओली के साथ हुए समझौते पर कई तीखे सवाल उठाए। इसके बाद दबाव में आए प्रचंड ने पार्टी नेताओं से कहा कि नवंबर में आम सभा की बैठक को लेकर कोई समझौता नहीं हुआ है। यह केवल एक प्रस्ताव था।
एनसीपी के प्रवक्ता नारायण काजी श्रेष्ठ ने कहा, ‘लेकिन प्रचंड ने कहा कि आम सभा की बैठक के प्रस्ताव को लेकर भ्रम है।’ कुछ सप्ताह पहले तक प्रचंड का खेमा माधव कुमार नेपाल और खनल की मदद से ओली के प्रधानमंत्री और पार्टी अध्यक्ष के पद से इस्तीफे की मांग के लिए दिन-रात एक किए हुए था। स्टैडिंग कमिटी के 44 में से 30 सदस्य ओली के खिलाफ थे। बताया जा रहा है कि ओली ने प्रचंड को वादा किया है कि वे जल्दी ही उन्हें पार्टी अध्यक्ष बनाए जाने का समर्थन करेंगे।
चीनी राजदूत के इशारे पर तनाव बढ़ा रहे ओली
नेपाल में मचे सियासी घमासान को लेकर पीएम ओली सीधे तौर पर भारत पर आरोप लगा रहे हैं। उन्होंने कुछ दिन पहले ही एक कार्यक्रम में भारत के ऊपर अपनी सरकार को अस्थिर करने का आरोप लगाया था। वहीं, खुफिया रिपोर्ट में दावा किया गया है कि नेपाली पीएम देश में चीन की राजदूत हाओ यांकी के इशारे पर भारत विरोधी सभी कदम उठा रहे हैं।
नेपाल के नक्शे के लिए चीनी राजदूत ने किया प्रेरित
सूत्रों का कहना है कि नेपाल के नक्शे को नए सिरे से परिभाषित करने के लिए चीनी राजदूत ने प्रधानमंत्री ओली को प्रेरित करने का काम किया है। खुफिया सूत्रों ने कहा कि हिमालयी गणराज्य नेपाल में युवा चीनी राजदूत होउ यानकी नेपाल की सीमा को फिर से परिभाषित किए जाने के लिए कॉमरेड ओली के कदम के पीछे एक प्रेरणादायक कारक रही हैं। यानी नेपाल जो भारत के कालापानी और लिपुलेख को अपने नक्शे में दर्शा रहा है, उसके पीछे चीनी राजदूत की ही कूटनीति और दिमाग काम कर रहा है।
ओली और चीनी राजदूत के बीच नजदीकी
पाकिस्तान में 3 साल तक काम कर चुकीं होउ का ओली के कार्यालय और निवास में अक्सर आना-जाना लगा रहता है। इसके अलावा नेपाली कम्युनिस्ट पार्टी का वह प्रतिनिधिमंडल, जो राजनीतिक मानचित्र को बदलने के लिए संविधान संशोधन विधेयक का मसौदा तैयार करने में सहायता कर रहा था, वह चीनी राजदूत के संपर्क में था। चीन के विदेश नीति के रणनीतिकारों के इशारे पर काम कर रही युवा चीनी राजदूत को नेपाल में सबसे शक्तिशाली विदेशी राजनयिकों में से एक माना जाता है।
चीनी विदेश मंत्रालय में भी किया है काम
एक खुफिया रिपोर्ट में कहा गया है, पाकिस्तान में सेवा करने के अलावा, वह चीन के विदेश मंत्रालय में एशियाई मामलों के विभाग में एक महत्वपूर्ण जिम्मेदारी संभाल रही थीं। यही नहीं बताया जा रहा है कि चीनी राजदूत कम्युनिस्ट पार्टी के आंतरिक मतभेदों को दूर करने में भी लगी हुई हैं। नेपाल में जारी इस शह और मात के खेल में किसकी जीत होगी, यह देखना अब बेहद दिलचस्प होगा।
ओली ने भारत पर लगाया सरकार गिराने का आरोप
ओली ने पिछले दिनों भारत की ओर इशारा करते हुए दावा किया था कि काठमांडू के एक होटल में उन्हें हटाने के लिए बैठकें की जा रही है और इसमें एक दूतावास भी सक्रिय है। उन्होंने दावा किया कि कालापानी और लिपुलेख को नेपाली नक्शे में दिखाने वाले संविधान संशोधन के बाद से उनके खिलाफ साजिशें रची जा रही हैं। ओली ने आरोप लगाया कि उन्हें पद से हटाने के लिए खुली दौड़ हो रही है।
पीएम पद से नहीं, बल्कि पार्टी से भी इस्तीफा देने की मांग
बिना किसी सबूत के भारत पर इतने गंभीर आरोप लगाने के बाद अब ओली खुद ही अपनी पार्टी में घिर गए हैं। प्रचंड ने कहा कि भारत ने नहीं बल्कि उन्होंने ओली के इस्तीफे की मांग की है। प्रचंड ने कहा कि ओली न केवल प्रधानमंत्री के पद से बल्कि पार्टी अध्यक्ष के पद से भी इस्तीफा दें।
प्रचंड ने खोला ओली के खिलाफ मोर्चा
नेपाली कम्युनिस्ट पार्टी में यह भी चर्चा है कि ओली अपने खिलाफ बन रहे मोर्चाबंदी को तोड़ने के लिए पार्टी के अंदर ही टूट करा सकते हैं। पार्टी के अंदर चल रही इस कलह से बेफिक्र केपी शर्मा ओली भारत के खिलाफ जहर उगलने में लगे हुए हैं। ओली के इस भारत विरोध और अतिआत्मविश्वास के पीछे एक बड़ी वजह है। दरअसल, भारतीय खुफिया एजेंसियों का अनुमान है कि नेपाली पीएम देश में चीन की राजदूत हाओ यांकी के इशारे पर ये सभी कदम उठा रहे हैं।
माधव कुमार नेपाल ने प्रचंड को धमकी दी
ऐसी भी खबरें हैं कि ओली और प्रचंड के बीच राष्ट्रपति की मौजूदगी में इस संबंध में एक लिखित समझौता भी हुआ है। इससे माधव कुमार नेपाल के खेमे का तनाव बढ़ गया है। हालात यहां तक खराब हो गए कि शनिवार को माधव कुमार नेपाल ने धमकी दी कि वे पार्टी नेतृत्व के खिलाफ जाएंगे और ओली तथा प्रचंड की सर्वाधिकारवादी नीतियों का खुलासा कर देंगे। इससे पहले प्रचंड और माधव दोनों ने मिलकर ओली के खिलाफ जोरदार अभियान चलाया था लेकिन अब माधव खुद को ठगा महसूस कर रहे हैं।
इससे डरे प्रचंड ने अब माधव कुमार और उनके समर्थकों को मनान शुरू कर दिया है। साथ ही वह यह भी कह रहे हैं कि उनके और ओली के बीच कोई समझौता नहीं हुआ है। लेकिन प्रचंड के इस दावे से पार्टी के कई दिग्गज नेता सहमत नहीं हैं। स्टैंडिंग कमिटी के सदस्य तोप बहादुर रयामजी ने कहा, ‘मैं कह सकता हूं कि दोनों के बीच समझौता हुआ है लेकिन जब प्रचंड के इस दांव का बुरी तरह से खुलासा हो गया तो वह अब पलट गए हैं। पार्टी सूत्रों के मुताबिक अब प्रचंड बैकफुट पर चले गए हैं।
IndianZ Xpress NZ's first and only Hindi news website