Saturday , May 30 2026 7:16 PM
Home / Sports / ना कोई कैप्शन, ना किसी पर निशाना, शुभमन गिल ने जीत के बाद सोशल मीडिया पर अब क्या पोस्ट कर दिया?

ना कोई कैप्शन, ना किसी पर निशाना, शुभमन गिल ने जीत के बाद सोशल मीडिया पर अब क्या पोस्ट कर दिया?


गुजरात टाइटंस के कप्तान शुभमन गिल ने शुक्रवार को क्वालीफायर-2 में राजस्थान रॉयल्स के खिलाफ वो कर दिखाया, जिसे आईपीएल इतिहास के सबसे महान नॉकआउट प्रदर्शनों में गिना जाएगा। राजस्थान से मिले 215 रनों के एवरेस्ट जैसे लक्ष्य का पीछा करते हुए गिल ने मोर्चे से अगुवाई की और एक ऐसी कप्तानी पारी खेली जो बरसों तक याद रखी जाएगी। इस खिताबी जंग के सेमीफाइनल मुकाबले में गिल ने महज 47 गेंदों में अपना शतक पूरा किया और राजस्थान के गेंदबाजों के हौसले पस्त कर दिए।
सोशल मीडिया पर दिया ऐसा रिएक्शन – आईपीएल के इस पूरे सीजन में गुजरात की टीम ने जिसे भी हराया उसके बाद शुभमन गिल ने सोशल मीडियो पर निशाना साधते हुए कुछ ना कुछ पोस्ट किया है। लेकिन इस बार शुभमन ने कुछ अलग तरीका चुना। राजस्थान के खिलाफ क्वालीफायर 2 जीतने के बाद उन्होंने अपनी सेंचुरी सेलिब्रेशन का एक वीडियो शेयर किया। वहीं 3 फोटो भी शेयर किए जिसमें से एक में तो वे अपने पिता के साथ खड़े हुए थे। हालांकि इस पोस्ट पर उन्होंने कोई कैप्शन नहीं लिखा।
शुभमन गिल ने रचा इतिहास – शुभमन गिल ने अपनी इस जादुई पारी के दौरान रिकॉर्ड्स की झड़ी लगा दी। 47 गेंदों में जड़ा गया उनका यह शतक अब आईपीएल प्लेऑफ इतिहास का सबसे तेज शतक बन गया है। इसके साथ ही वह गुजरात टाइटंस के इतिहास में भी सबसे तेज सेंचुरी लगाने वाले बल्लेबाज बन गए हैं। गिल ने आईपीएल प्लेऑफ के इतिहास में बतौर कप्तान पहला शतक जड़ने का गौरव भी हासिल किया। यही नहीं, वह प्लेऑफ मुकाबलों में एक से ज्यादा शतक लगाने वाले दुनिया के इकलौते बल्लेबाज बन गए हैं। यह उनके आईपीएल करियर का कुल पांचवां शतक था।
साई सुदर्शन के साथ रिकॉर्डतोड़ साझेदारी – इस विशाल रन चेज में कप्तान गिल को अपनी टीम के सबसे भरोसेमंद बल्लेबाज साई सुदर्शन का बखूबी साथ मिला। दोनों ने मिलकर राजस्थान के गेंदबाजी आक्रमण की धज्जियां उड़ा दीं। गिल और सुदर्शन के बीच हुई 160 रनों की साझेदारी आईपीएल प्लेऑफ इतिहास की सबसे बड़ी पार्टनरशिप बन गई है। इन दोनों युवा बल्लेबाजों ने साल 2011 के फाइनल में चेन्नई सुपर किंग्स के माइकल हसी और मुरली विजय द्वारा आरसीबी के खिलाफ बनाई गई 159 रनों की ऐतिहासिक साझेदारी के रिकॉर्ड को पीछे छोड़ दिया।