Monday , August 17 2026 10:42 PM
Home / News / न्यूजीलैंड में आपदा: मृतकों की संख्या बढक़र 15 हुई

न्यूजीलैंड में आपदा: मृतकों की संख्या बढक़र 15 हुई


न्यूजीलैंड के व्हाइट आइलैंड में ज्वालामुखी विस्फोट के बाद आपदा में मरने वालों की संख्या बढक़र 15 हो गई है। व्हाइट आइलैंड आपदा में मरने वालों की याद में पूरे न्यूजीलैंड में कल अपराह्न 2.11 बजे एक मिनट का मौन रखा जाएगा।

पुलिस ने आज जानकारी देते हुए बताया कि “गोताखोर दल को दो शव नहीं मिले हैं।” समाचार एजेंसी सिन्हुआ के अनुसार “सिर्फ एक शव अभी भी द्वीप पर माना जा रहा था जबकि दूसरा शव इसी सप्ताह पानी में बह गया था।
हालांकि शनिवार को पूरे दिन पानी में और रविवार सुबह जमीन पर तलाशी के बाद भी शव नहीं मिले।” न्यूजीलैंड पुलिस उपायुक्त माइक क्लेमेंट ने संवाददाता सम्मेलन में कहा “पुलिस आसानी से हार नहीं मानेगी। लेकिन ऐसा समय भी आएगा जब हम सारी तरकीबें अपना चुके होंगे।” इस बीच अस्पताल में इलाज करा रहे एक व्यक्ति की शनिवार रात मौत होने से मरने वालों की संख्या बढक़र 15 हो गई।

जेसिंडा अर्डर्न ने कहा “आप न्यूजीलैंड में या दुनियाभर में कहीं भी हों, इस समय आप इस आपदा में अपने प्रिय लोगों को खोने वालों के साथ खड़े हो सकते हैं। मृतकों और घायलों के प्रति हम साथ खड़े होकर अपना दुख व्यक्त कर सकते हैं और उनके शोक-संतप्त परिवार और दोस्तों के प्रति अपनी संवेदनाएं व्यक्त कर सकते हैं।”
सोमवार को ज्वालामुखी में विस्फोट के समय व्हाइट आईलैंड पर कुल मिलाकर 47 लोग थे। विस्फोट में 15 लोगों की मौत हो चुकी है और कई लोग घायल हुए थे।