Thursday , October 1 2026 9:22 AM
Home / News / ब्रिटेन में मिला 2 लाख साल पुराना मैमथ का कब्रिस्तान

ब्रिटेन में मिला 2 लाख साल पुराना मैमथ का कब्रिस्तान

ब्रिटेन में शोधकर्ताओं ने दक्षिण-पश्चिम इंग्लैंड के शहर स्विंडन में दो लाख साल पुराने जानवरों के एक कब्रिस्तान की खोज की है। इस कब्रिस्तान में हाथी जैसे दिखने वाले विशालकाय जीव मैमथ के दफनाए जाने के सबूत भी मिले हैं। शोधकर्ताओं ने बताया कि यहां दफनाए गए मैमथ में एक बच्चा, दो किशोर और दो वयस्क शामिल हैं। उन्होंने बताया कि इन सबकी मौत अंतिम हिम युग के दौरान हुई थी। हड्डियों के अलावा शोधकर्ताओं ने निएंडरथल मानवों के तैयार किए गए पत्थर के औजारों की खोज की है।
पत्थरों के हथियार भी मिले : लाइव साइंस की रिपोर्ट के अनुसार, इनमें पत्थर की बनी एक हाथ की कुल्हाड़ी और एक चाकू जैसा हथियार शामिल हैं। इस हथियार का इस्तेमाल जानवरों की खाल को मांस से अलग करने के लिए किया जाता था। DigVentures के अनुसार, इस उत्खनन का काम ब्रिटेन के क्राउडसोर्स्ड पुरातात्विक संगठन ने किया। टीम ने अभी तक विशाल हड्डियों का बारीक अध्ययन नहीं किया है, जिससे पता लगाया जा सके कि इनके ऊपर निएंडरथल हथियारों के निशान हैं कि नहीं।
हड्डियों के नजदीक हथियारों का मिलना रहस्य : DigVentures के सह-संस्थापक लिसा वेस्टकॉट विल्किंस ने बताया कि विशाल हड्डियों की खोज करना हमेशा से असाधारण काम माना जाता रहा है। उनमें भी यह खोज इसलिए खास है क्योंकि ये हड्डियां काफी पुरानी और अच्छी तरह से संरक्षित हैं। इतना ही नहीं, शवों के नजदीक निएंडरथल पत्थर के औजारों का मिलना भी बड़ी बात है।
खोजकर्ताओं को हिमयुग की कई चीजें मिलीं : उन्होंने बताया कि इस कब्रगाह और हथियारों की सबसे पहले खोज दो शौकिया जीवाश्म खोजकर्ता सैली और नेविल हॉलिंगवर्थ ने की थी। जिसके बाद उनकी टीम ने 2019 और 2020 में इस जगह पर व्यापक खोजबीन की। पुरातत्वविदों ने यहां से नाजुक बीटल पंख, नाजुक मीठे पानी के घोंघे के गोले और मैमथ के विशाल अवशेष, जैसे सूंढ़, पैर की हड्डियों, पसलियों और रीढ़ की हड्डियां सहित स्टेपी मैमथ की एक प्रजाति से संबंधित हिमयुग अवशेषों का खुलासा किया है।
मैमथ के बारे में जानिए : हिमयुग के दौरान ऊनी मैमथ उत्तरी अमेरिका और यूरेशिया में घूमते थे। ये जीव लगभग 10,000 साल पहले विलुप्त हो गए थे। वैज्ञानिकों को अबतक यह नहीं पता है कि उनके विलुप्त होने का कारण क्या था। कई लोग मानते हैं कि जलवायु परिवर्तन और मानव शिकारियों में वृद्धि इसका कारण थी। उनके सबसे करीबी जीवित रिश्तेदार आधुनिक एशियाई हाथी हैं। इन दोनों में प्रमुख अंतर केवल ऊपरी बनावट में है। मैमथ के पास ठंडे तापमान में जीवित रहने में मदद करने के लिए मोटे, झबरा कोट होते थे जो एशियाई हाथियों के पास नहीं हैं।