
ब्रिटेन की राजधानी लंदन में एक भारतीय की चाकुओं से गोदकर हत्या कर दी गई। ये घटना पश्चिम लंदन के साउथहॉल में हुई है। मेट्रोपॉलिटन पुलिस ने शनिवार को बताया कि नॉर्थ रोड पर डॉर्मर्स वेल्स लेन के जंक्शन के पास 26 साल के गुरभेज सिंह को चाकू मारा गया। सिंह के साथ एक और व्यक्ति को भी चाकू मारा गया। हालांकि उसे गंभीर चोट नहीं लगी और इलाज के बाद अस्पताल से छुट्टी दे दी गई।
मेट्रोपॉलिटन पुलिस ने बताया कि डॉक्टरों की ओर से तमाम कोशिशों के बावजूद गुरभेज सिंह की घटनास्थल पर ही मौत हो गई। सिंह के परिवार को अधिकारियों की ओर से सहायता मुहैया कराई जा रही है। पुलिस ने बताया कि सिंह की हत्या के बाद कम से कम सात लोगों को शक के आधार पर पकड़ा गया है।
पुलिस ने शुरू की जांच – मेट्रोपॉलिटन पुलिस के अनुसार, बुधवार तड़के लंदन एम्बुलेंस सर्विस ने अधिकारियों को जानकारी दी। पैरामेडिक्स मौके पर पहुंचे लेकिन चाकू लगने के कारण सिंह को मौके पर ही मृत घोषित कर दिया गया। पुलिस के स्पेशलिस्ट क्राइम कमांड की डिटेक्टिव चीफ इंस्पेक्टर एलिसन फॉक्सवेल ने कहा कि हत्या से जुड़ी परिस्थितियों की जांच की जा रही है।
फॉक्सवेल ने कहा, ‘हमारा मानना है कि सिंह पर बुधवार को रात साढ़े बारह बजे के आसपास नॉर्थ रोड और डॉर्मर्स वेल्स लेन के जंक्शन पर एक दुकान के बाहर हमला किया गया। मैं किसी भी ऐसे व्यक्ति से आगे आने आग्रह करूंगी, जिसके पास इलाके का CCTV फुटेज हो। या जो उस समय इलाके में मौजूद था और जिसने अभी तक पुलिस से बात नहीं की है।’
मृतक के परिवार से संपर्क – मेट्रोपॉलिटन पुलिस ने कहा कि सिंह के परिवार को विशेष अधिकारी मदद दे रहे हैं। जांचकर्ता गवाहों की तलाश और इलाके से सबूतों की समीक्षा जारी रखे हुए हैं क्योंकि वे उन घटनाओं की कड़ियों को जोड़ने की कोशिश कर रहे हैं। पुलिस ने कहा है कि घटना की पूरी जांच के बाद चीजें साफ हो सकेंगी।
लंदन में भारतीय युवा की हत्या ऐसे समय में हुई है, जब ब्रिटेन के कुछ हिस्सों में इमिग्रेशन (प्रवास) और पब्लिक सेफ्टी (जन सुरक्षा) विवादित मुद्दे बने हुए हैं। उत्तरी आयरलैंड के बेलफास्ट में सैकड़ों लोग प्रवासियों के विरोध में सड़कों पर उतरे हैं और इन प्रदर्शनों में जमकर हिंसा हुई है।
IndianZ Xpress NZ's first and only Hindi news website