Monday , June 29 2026 9:13 PM
Home / News / पाकिस्तानी सेना के हमलों में अफगानिस्तान में 35 की मौत, तालिबान ने स्ट्राइक को बताया बर्बर कार्रवाई, मुनीर को चेतावनी

पाकिस्तानी सेना के हमलों में अफगानिस्तान में 35 की मौत, तालिबान ने स्ट्राइक को बताया बर्बर कार्रवाई, मुनीर को चेतावनी


अफगानिस्तान ने पाकिस्तानी सेना के अपनी जमीन पर किए गए हमलों पर कड़ी प्रतिक्रिया दी है। अफगानिस्तान की तालिबान सरकार ने असीम मुनीर और शहबाज शरीफ को चेताते हुए हमलों को ‘बर्बर’ कहा है। रविवार रात किए गए इन हमलों में अफगानिस्तान में कम से कम 35 लोगों की जान गई है। पाकिस्तानी सेना ने इससे पहले 29 लड़ाकों को मार गिराने का दावा किया था लेकिन अफगानिस्तान की ओर से बताया गया है कि हमलों में मरने वाले आम लोग हैं, जिनमें छोटे बच्चे भी शामिल है।
पाकिस्तान के हमले में अफगानिस्तान के बॉर्डर प्रांत पक्तिया और कुनार में भारी तबाही हुई है। पक्तिया पुलिस कमांड के प्रवक्ता मुनीब जदरान ने टोलो न्यूज को हमले की जानकारी देते हुए बताया कि प्रांत के समकानी जिले में पाकिस्तानी सेना के हमलों में कम से कम 35 लोग मारे गए हैं और 40 से ज्यादा घायल हैं।
पाकिस्तानी सेना का बर्बर हमला: तालिबान- अफगान तालिबान सरकार के प्रवक्ता जबीउल्लाह मुजाहिद ने कहा है कि पक्तिका प्रांत के गयान और समकानी जिले और कुनार प्रांत के मारवारा जिले में पाकिस्तान सेना ने आम शहरियों को निशाना बनाते हुए महिलाओं और बच्चों को मार डाला है। उन्होंने हमलों की निंदा की करते हुए इसे पाक सेना का आपराधिक कृत्य कहा है।
जबीउल्लाह ने सोमवार सुबह एक्स पर अपने पोस्ट में लिखा है कि कल रात पाकिस्तानी सेना ने एक बार फिर अफगानिस्तान के पक्तिका और कुनार प्रांत में आम नागरिकों वाले इलाकों पर हवाई हमले किए। हम इस तरह से आम लोगों को निशाना बनाने की कार्रवाई को कड़ी निंदा करते हैं और इसे अपराध तथा बर्बरतापूर्ण कृत्य मानते हैं।
पाकिस्तानी सेना के कायराना हमलों में दर्जनों आम नागरिक मारे गए और घायल हुए, जिनमें महिलाएं और बच्चे भी शामिल हैं। इस तरह की आक्रामकता साफतौर पर बर्बरतापूर्ण है। हम पाकिस्तानी सेना के हमलों की निंदा करते हैं। जबीउल्लाह मुजाहिद
पाकिस्तानी सेना ने क्या कहा है – पाकिस्तान की ओर से इससे पहले कहा गया था कि उसकी सेना ने अफगानिस्तान सीमा पर जमीनी ऑपरेशन और हवाई हमले में टीटीपी के ठिकानों को निशाना बनाया, जिसमें 29 लड़ाके मारे गए। पाकिस्तानी सूचना मंत्री अताउल्लाह तरार ने कहा कि यह ऑपरेशन कराची के पैरामिलिट्री रेंजर्स के क्षेत्रीय मुख्यालय परशनिवार को हए हमला का जवाब है।
पाकिस्तान की इस स्ट्राइक से दोनों देशों के बीच तनाव बढ़ गया है। पाकिस्तान ने बीते साल अक्टूबर के बाद से कई बार अफगानिस्तान के अंदर हवाई हमले किए थे। पाकिस्तान TTP और उसके सहयोगियों के ठिकानों को निशाना बनाने का दावा करता है। वह इन गुटों को अपनी जमीन पर हिंसा फैलाने का जिम्मेदार मानता है। दूसरी ओर अफगान तालिबान का कहना है कि पाकिस्तान किसी मिलिटेंट ग्रुप को नहीं मासूम लोगों को मार रहा है।