
पाकिस्तान के पूर्व प्रधानमंत्री इमरान खान ने गुरुवार को सरकार के इस दावे को खारिज कर दिया कि उनकी जान को विदेशी एजेंसियों से खतरा है। खान ने कहा कि उन्होंने देश में कुल छह लोगों की पहचान की है जिन्होंने उनकी हत्या की साजिश रची थी। इनमें तीन चेहरे नये हैं। उन्होंने कहा कि वीडियो में उन लोगों के बारे में बात की गयी है जो उन्हें मारना चाहते हैं। खान ने गुरुवार को ट्वीट किया, ‘‘छह में तीन लोग वो हैं जिनके नाम मैंने पिछले साल नवंबर में पंजाब में मेरी जान लेने की कोशिश के बाद दर्ज प्राथमिकी में लिये थे।’’
इमरान पर हुआ था हमला – खान पर लाहौर से करीब 150 किलोमीटर दूर वजीराबाद में उनकी रैली पर हमला हुआ था। इसके बाद वह पैर में गोली लगने से घायल हो गये थे। खान ने अपनी हत्या की साजिश रचने के लिए प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ, गृह मंत्री राणा सनाउल्ला और आईएसआई के शीर्ष अधिकारी मेजर जनरल फैसल नसीर को जिम्मेदार ठहराया था। उन्होंने कहा, ‘‘गृह मंत्री (सनाउल्ला) कहते हैं कि मेरी जान को विदेशी एजेंसियों से खतरा है। मैं पूरे देश के सामने साफ कर दूं कि मेरी जान को केवल तीन लोगों से खतरा है जिनके नाम मैंने वजीराबाद में हुई हत्या की कोशिश के बाद लिये थे। मैंने एक वीडियो में बयान जारी कर इन तीन लोगों के साथ तीन और लोगों की पहचान की है जिन्होंने 18 मार्च को मुझे मारने की कोशिश की थी।’’
Home / News / पाकिस्तान के 6 लोगों ने रची मेरी हत्या की साजिश, विदेशी एजेंसियों से कोई खतरा नहीं… इमरान खान का बड़ा दावा
IndianZ Xpress NZ's first and only Hindi news website