Sunday , April 26 2026 9:12 PM
Home / News / बलूचिस्तान में फिर मारे गए पाकिस्तानी सेना के 7 जवान, इमरान खान ने भारत पर लगाया आरोप

बलूचिस्तान में फिर मारे गए पाकिस्तानी सेना के 7 जवान, इमरान खान ने भारत पर लगाया आरोप


बलूचिस्तान में पाकिस्तानी सेना के लाख कोशिशों के बावजूद विद्रोहियों के हमले लगातार जारी हैं। पाकिस्तानी सेना के अत्याचारों से परेशान वहां के लोग हथियारों के जरिए इमरान खान की सत्ता को चुनौती दे रहे हैं। शनिवार देर रात बलूच विद्रोहियों ने पाकिस्तानी सेना के पोस्ट पर हमला कर सात जवानों की हत्या कर दी। जिसके बाद अपनी नाकामियों को छिपाने में जुटे इमरान खान से इस हमले के पीछे सीधे-सीधे भारत का हाथ बताया है।
पाकिस्तानी सेना ने जारी किया बयान : पाकिस्तानी सेना ने बयान जारी कर बताया कि बलूचिस्तान के हरनाई में स्थित फ्रंटियर कोर के शारिग पोस्ट पर हुए हमले में उसके सात जवान मारे गए हैं। जिसके बाद स्थानीय लोगों से बदला लेने पर आमादा पाकिस्तानी सेना ने पूरे क्षेत्र में व्यापक अभियान छेड़ दिया है। पाकिस्तानी सेना ऐसे अभियानों के जरिए यहां के आम लोगों के घरों में घुसकर उनसे न केवल अभद्रता करती है जबकि विरोध करने पर लोगों को आतंकी बताकर गोली मार देती है।
इमरान खान ने भारत के ऊपर फोड़ा नाकामी का ठीकरा : पाकिस्तान के प्रधानमंत्री इमरान खान ने हमले के 10 घंटे बाद अपनी नाकामी को छिपाने के लिए हमले के पीछे भारत का हाथ बताया है। उन्होंने ट्वीट कर कहा ‘देर रात फ्रंटियर कॉप्स के पोस्ट पर आतंकवादी हमले में 7 जवानों की शहादत को सुनकर दुख हुआ। मेरी हार्दिक संवेदना और प्रार्थनाएँ उनके परिवारों के लिए हैं। हमारा राष्ट्र हमारे साहसी सैनिकों के साथ खड़ा है जो भारतीय समर्थित आतंकवादियों के हमलों का सामना करते हैं।’
बलूचिस्तान में पाकिस्तान सेना पर लगातार हो रहे हैं हमले : कुछ महीने पहले ही बलूच विद्रोहियों ने पंजगुर जिले में सेना के एक काफिले को निशाना बनाया था। जिसमें तीन सैनिक मारे गए थे, जबकि सेना के एक कर्नल सहित 8 अन्य जख्मी हो गए थे। पाकिस्तानी मीडिया की रिपोर्ट के अनुसार, बलूचिस्तान में सेना के काफिले पर मई के बाद यह तीसरा हमला था। ये विद्रोही अब अपने हमलों का विस्तार कराची सहित पाकिस्तान के अन्य हिस्सों में भी कर रहे हैं।