भारतीय नौसेना की हाल की कार्रवाइयों ने दिखा दिया है कि वह समुद्र में अपने देश के हितों की रक्षा करने में पूरी तरह से सक्षम है। कुछ दिन पहले ही एक व्यापारिक जहाज ने अदन की खाड़ी से गुजरते समय इमरजेंसी कॉल की थी। इस दौरान पास मौजूद भारतीय युद्धपोत आईएनएस विशाखापत्तनम ने तुरंत और प्रभावी कार्रवाई कर व्यापारिक जहाज मार्लिन लुआंडा की मदद की। भारतीय नौसेना के इस काम की दुनियाभर के विशेषज्ञों ने ताकीफ की। यह जहाज यमन के हूती विद्रोहियों के ड्रोन हमले का शिकार हुआ था। आईएनएस विशाखापत्तनम ने न सिर्फ मार्लिन लुआंडा पर लगी आग बुझाई, बल्कि उसके क्रू की भरपूर मदद भी की। इस घटना में भारतीय नौसेना की त्वरित प्रतिक्रिया को विशेषज्ञों ने एक नई महाशक्ति का उदय बताया है।
चीन की आलोचना, भारत की तारीफ – विशेषज्ञों ने कहा कि यह घटना जहां हुई, उसी के पास जिबूती में विश्व शक्ति माने जाने वाले चीन का एक नौसैनिक अड्डा भी है। लेकिन, चीन ने उस व्यापारिक जहाज से आई मदद की कॉल का कोई जवाब नहीं दिया। उस वक्त सिर्फ भारतीय नौसेना ने त्वरित प्रतिक्रिया दी और मौके पर पहुंचकर कार्रवाई की। यूरोप स्थित इतिहासकार और शोधकर्ता मार्टिन सॉरब्रे ने एक्स (ट्विटर) पर पोस्ट किया, “भारत ने टेकओवर कर लिया। महाशक्ति का उदय हो रहा है…चीन की चापलूसी करना बंद करो।” ब्रिटिश पत्रकार मार्क अर्बन ने भी इसे ‘आकर्षक’ बताया कि अदन की खाड़ी और लाल सागर में संकट के लिए चीन नहीं, बल्कि भारत खड़ा हुआ है।
भारतीय नौसेना के काम की तारीफ – मार्क अर्बन ने एक्स पर पोस्ट किया, “उभरती महान शक्तियों के बीच यह देखना दिलचस्प है कि भारत अदन की खाड़ी और लाल सागर में संकट से कैसे उबरा है…चीन उतना नहीं।” यूएई के हसन सजवानी ने पोस्ट किया, “भारत की नौसेना ने अदन की खाड़ी में रूसी तेल उत्पाद ले जा रहे ब्रिटिश तेल टैंकर मार्लिन लुआंडा पर लगी आग को बुझाने और सुरक्षित करने में मदद की।”
चीन की आलोचना कर रहे विशेषज्ञ – विदेशी मामलों के विशेषज्ञ अभिजीत अय्यर-मित्रा ने भी जिबूती में नौसैनिक अड्डा होने के बावजूद अरब सागर में नौवहन संपत्तियों को सुरक्षा प्रदान नहीं करने के लिए चीन को आड़े हाथों लिया। मित्रा ने एक्स पर पोस्ट किया, “भारत अरब सागर में शिपिंग को सुरक्षा प्रदान कर रहा है – जबकि जिबूती में बेस वाला चीन ऐसा नहीं कर रहा है।” इससे पहले, भारतीय नौसेना के युद्धपोत आईएनएस विशाखापत्तनम की फायर फाइटिंग टीम ने शनिवार को व्यापारिक जहाज मार्लिन लुआंडा में लगी आग पर सफलतापूर्वक काबू पा लिया था।
भारतीय नौसेना ने टैंकर की आग को बुझाया – आग पर काबू पाने के लिए गाइडेड मिसाइल विध्वंसक के चालक दल के साथ एमवी के चालक दल भी शामिल थे। भारतीय नौसेना ने जिन तस्वीरों को शेयर किया है, उनमें फायर फाइटर्स को व्यापारिक जहाज पर आग पर काबू पाने का प्रयास करते हुए दिखाया गया है। आईएनएस विशाखापत्तनम ने एक संकट कॉल का जवाब दिया और व्यापारी जहाज को समय पर सहायता प्रदान करने के लिए आगे बढ़ा। आईएनएस विशाखापत्तनम की अग्निशमन टीम में फायरफाइटिंग उपकरणों के साथ 10 भारतीय नौसेनिक शामिल थे। वे शनिवार तड़के व्यापारी जहाज को बचाने के लिए पहुंचे।
Home / News / महाशक्ति का उदय हो रहा… अदन की खाड़ी में भारतीय नौसेना के एक्शन पर क्या बोले डिफेंस एक्सपर्ट