Monday , June 30 2025 4:32 AM
Home / Entertainment / Bollywood / सलमान खान का संगीता बिजलानी के कारण पहली गर्लफ्रेंड से हुआ था ब्रेकअप, अरबाज ने बताया था कैसे आती गईं दूरियां

सलमान खान का संगीता बिजलानी के कारण पहली गर्लफ्रेंड से हुआ था ब्रेकअप, अरबाज ने बताया था कैसे आती गईं दूरियां


सलमान खान 58 साल के हो चुके हैं पर आज भी सिंगल हैं और कुंवारे हैं। तीन दशक से भी लंबे करियर में उनका कई हीरोइनों के साथ अफेयर रहा और एक बार बात शादी तक भी पहुंची, पर कोई रिश्ता नहीं चला। लेकिन एक गर्लफ्रेंड के कारण सलमान का उनके पहले प्यार से रिश्ता टूट गया था। क्या आप जानते हैं कि सलमान खान का पहला प्यार कौन था? उनकी पहली गर्लफ्रेंड कौन थी, जिससे शादी होते-होते रह गई थी? यह थीं शाहीन जाफरी। अरबाज खान ने एक बार खुलासा किया था कि सलमान और शाहीन का ब्रेकअप संगीता बिजलानी के कारण हुआ था। कैसे और किस तरह ऐसी परिस्थितियां बनीं, यह भी अरबाज ने बताया था।
सलमान की दीवानी थीं लड़कियां, कॉलेज में शाहीन पर आया सलमान का दिल – अरबाज खान ने बताया कि लड़कियां स्कूल से ही सलमान खान की दीवानी थीं। जब वह कॉलेज में पहुंचे तो अनुराधा पटेल की बहन शाहीन जाफरी से सलमान की मुलाकात हुई। अरबाज के मुताबिक, शाहीन, सलमान से बहुत प्यार करती थीं। सलमान की कई और महिला दोस्त थीं, पर वह भी शाहीन पर फिदा थे और बेहद प्यार करते थे। लेकिन उनका रिश्ता सिर्फ तीन साल ही चल सका।
कियारा आडवाणी की मौसी हैं शाहीन – अरबाज ने बताया कि सलमान पर जैसा जादू शाहीन का रहा, वैसा किसी और का नहीं था। इससे पहले शाहीन जाफरी की भतीजी और एक्ट्रेस कियारा आडवाणी ने बताया था कि उनकी मां ने सलमान खान को शाहीन से मिलवाया था। कियारा ने Feet Up with the Stars Season 2 में कहा था, ‘उन्होंने मेरी मौसी शाहीन को उनसे (सलमान खान) मिलवाया। सलमान सर और शाहीन मौसी ने बहुत पहले एक-दूसरे को डेट किया था। यह उनका पहला रिश्ता रहा था।’
शाहीन की मां ने बताया था- घर का राशन भी लाते थे सलमान, था करीबी रिश्ता – वहीं, शाहीन की सौतेली मां भारती जाफरी ने एक अन्य इंटरव्यू में सलमान संग अपने और शाहीन के रिश्ते के बारे में बताया था। भारती ने कहा था कि उन्होंने सलमान को अपने परिवार का हिस्सा बनाकर रखा था। वह परिवार का सदस्य बन चुके थे और घर के कामों में भी मदद करते थे। वह घर का राशन भी खरीदकर लाते थे। इसी तरह शाहीन जाफरी को भी सलमान के परिवार ने कबूल कर लिया था। सलमान और शाहीन के साथ उनके परिवार का बॉन्ड देख लोग समझने लगे थे कि दोनों शादी कर लेंगे। पर ऐसा नहीं हुआ।
शाहीन को होने लगा था आभास कुछ तो गड़बड़ है, चली गईं लंदन – अरबाज खान ने बताया कि शाहीन और सलमान के रिश्ते में तब मुश्किलें आ गईं, जब संगीता बिजलानी की एंट्री हुई। सलमान की संगीता बिजलानी से 1988 में मुलाकात हुई थी। तब दोनों मॉडलिंग भी कर रहे थे और पब्लिक इवेंट्स में भी मुलाकात होती थी। तब संगीता बिजलानी का ब्रेकअप हुआ था और वह सलमान के करीब आने लगीं। शाहीन जाफरी को भी इसका अहसास हो चुका था। उन्हें आभास होने लगा था कि सलमान कुछ अजीब से हो गए हैं और फिर इसकी वजह भी पता चल गई। वजह थीं संगीता बिजलानी।
शाहीन का दिल टूटा, सलमान का इंतजार किया पर नहीं आए – शाहीन का दिल टूट चुका था, पर वह फिर भी यह सोचकर चुप रहीं कि शायद सलमान का मन बदल जाए और वह उनके पास लौट आएं। लेकिन सलमान तो संगीता बिजलानी का साथ छोड़ने के लिए तैयार नहीं थे। यह देख शाहीन जाफरी ने कुछ दिन का ब्रेक लेने का फैसला किया, और लंदन चली गईं। पर जब वापस आईं, तो उनका और सलमान का ब्रेकअप हो गया।