
मुल्लांपुर में पंजाब किंग्स और रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु के बीच आईपीएल 2025 का क्वालिफायर-1 मुकाबला खेला जाएगा। इस मैच की विजेता टीम सीधे फाइनल में प्रवेश करेगी। मुल्लांपुर की पिच ने इस सीजन कई रंग दिखाए हैं।
पंजाब किंग्स की टीम आईपीएल 2025 के क्वालिफायर-1 में रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु के खिलाफ मैदान पर उतरेगी। यह मुकाबला मुल्लांपुर स्थित महाराजा यादविंद्र सिंह इंटरनेशनल क्रिकेट स्टेडियम में खेला जाएगा। इस मैच का विजेता सीधे फाइनल में पहुंचेगा, जबकि हारने वाली टीम मुंबई इंडियंस और गुजरात टाइटंस के बीच खेले जाने वाले एलिमिनेटर मैच की विजेता से भिड़ेगी। उस मैच को जीतने वाली टीम दूसरी फाइनलिस्ट बनेगी।
मुल्लांपुर की पिच कैसी होगी? – इस सीजन में मुल्लांपुर की पिचों ने अलग-अलग व्यवहार दिखाया है। यहां खेले गए चार मैचों में से दो हाई-स्कोरिंग मैच और दो लो-स्कोरिंग मैच रहे। इसी मैदान पर केकेआर के खिलाफ पंजाब ने 111 रन बनाकर भी जीत हासिल कर ली थी। हालांकि, क्वालिफायर मुकाबले में अच्छी बाउंस वाली पिच मिलने की उम्मीद है। 20 अप्रैल के बाद यहां कोई मैच हो रहा है यानी पिच भी फ्रेश होगी। ऐसे में हाई स्कोरिंग मुकाबला देखने को मिल सकता है।
आरसीबी से हारी थी पंजाब – इस मैदान पर आरसीबी और पंजाब किंग्स का भी मुकाबला हुआ था। उस मैच में आरसीबी को 7 विकेट से जीत मिली थी। आरसीबी के स्पिन गेंदबाजों के सामने पंजाब की बैटिंग चल ही नहीं पाई। सुयश शर्मा और क्रुणाल पंड्या ने 2-2 विकेट लेकर पंजाब को सिर्फ 157 रनों पर रोक दिया था। फिर विराट कोहली और देवदत्त पडिक्कल की अर्धशतकीय पारियों ने आरसीबी को मुकाबले में जीत दिला दी थी।
रात के मैच में रन चेज ही नहीं हुआ – महाराजा यादविंद्र सिंह इंटरनेशनल क्रिकेट स्टेडियम में इस सीजन चार मुकाबले खेले गए हैं। इसमें तीन मुकाबले रात के समय हुए जबकि एक मैच शाम को हुआ है। रात में हुए तीनों मुकाबलों में पहले बैटिंग करने वाली टीम को जीत मिली है। राजस्थान ने पंजाब को हराया। फिर पंजाब को चेन्नई सुपर किंग्स पर जीत मिली। केकेआर के खिलाफ भी पंजाब ने स्कोर डिफेंड कर दिया। सिर्फ आरसीबी ने शाम को हुए मैच में रन चेज करते हुए जीत हासिल की थी।
इंटरनेशनल खिलाड़ियों की स्थिति – ऑलराउंडर मार्को यानसन इंटरनेशनल क्रिकेट की जिम्मेदारियों के चलते पूरे प्लेऑफ से बाहर रहेंगे, जो टीम के लिए एक बड़ा झटका है। प्रमुख तेज गेंदबाज लॉकी फर्ग्यूसन चोट के कारण पहले ही बाहर हो चुके हैं। उनकी जगह काइल जैमीसन को टीम में शामिल किया गया था लेकिन वह अपनी क्षमता के अनुरूप प्रदर्शन नहीं कर पाए हैं। इसके अलावा, स्पिनर युजवेंद्र चहल भी चोट की जगह से पिछले दो मैच नहीं खेल पाए थे। इस मैच में उनके खेलने पर स्थिति साफ नहीं है।
आरसीबी के लिए भी परेशानी कुछ ज्यादा कम नहीं है। टीम के प्रमुख फिनिशर टिम डेविड चोट की वजह से आखिरी ग्रुप राउंड का मुकाबला नहीं खेल पाए थे। उन्हें हैमस्ट्रिंग की परेशानी है। इसके साथ ही लुंगी एनगिडी वापस लौट चुके हैं। हालांकि इंग्लैंड टीम से ड्रॉप होने की वजह से फिल साल्ट प्लेऑफ में हिस्सा ले पाएंगे। जोश हेजलवुड भी इस मैच से वापसी कर सकते हैं। चोट की वजह से इम्पैक्ट प्लेयर के रूप में खेलने वाले कप्तान रजत पाटीदार की भी वापसी की उम्मीद है।
Home / Sports / बल्लेबाज चमकेंगे या गेंदबाजों का रहेगा बोलबाला, क्वालिफायर-1 में कैसी होगी मुल्लांपुर की पिच?
IndianZ Xpress NZ's first and only Hindi news website