Sunday , March 8 2026 11:54 AM
Home / Uncategorized / गांधी, मोदी, हिंदुस्तानी..’: दो अक्टूबर से ठीक पहले लंदन में महात्मा गांधी की प्रतिमा को क्षतिग्रस्त करने वाले कौन, जानें

गांधी, मोदी, हिंदुस्तानी..’: दो अक्टूबर से ठीक पहले लंदन में महात्मा गांधी की प्रतिमा को क्षतिग्रस्त करने वाले कौन, जानें


लंदन में महात्मा गांधी की प्रतिमा को नुकसान पहुंचाने की कोशिश की गई है। शक की सूई खालिस्तान समर्थकों की ओर जा रही है। क्योंकि, वहां जिस तरह के साक्ष्य दिख रहे हैं, उसमें उनका भारत-विरोधी एजेंडा साफ दिख रहा है। भारत ने घटना की बहुत ही कड़ी निंदा की है। वहीं मेट्रोपॉलिटन पुलिस जांच में जुटी है।
दो अक्टूबर से ठीक पहले सेंट्रल लंदन में महात्मा गांधी की 57 साल पुरानी प्रतिमा को क्षतिग्रस्त करने की कोशिश की गई है। यह घटना सेंट्रल लंदन के टैविस्टॉक स्क्वायर की उस स्मारक की है, जहां कांस्य की मूर्ति में गांधी जी ध्यान मुद्रा में बैठे हैं। घटना की सूचना मिलते ही भारतीय हाई कमीशन के अधिकारी फौरन घटनास्थल पर पहुंचे और स्थानीय अधिकारियों को इसकी जानकारी दी। इसके बाद प्रतिमा को फिर से इसकी मूल स्थिति में वापस लाने की कोशिशें भी तत्काल शुरू कर दी गईं। लंदन स्थित भारतीय उच्चायोग ने इस घटना को शर्मनाक बताते हुए कड़ी निंदा की है। इस दौरान ऐसी भी रिपोर्ट है कि इस घटना के पीछे खालिस्तान समर्थकों का हाथ है।
‘शर्मनाक, बर्बर और अहिंसा के विचार पर हमला’ – लंदन स्थित इंडियन हाई कमीशन ने सोशल मीडिया पर जारी बयान में कहा है, ‘लंदन में भारतीय उच्चायोग लंदन के टैविस्टॉक स्क्वायर पर महात्मा गांधी की प्रतिमा को क्षतिग्रस्त करने की शर्मनाक घटना से अत्यंत दुखी है और इसकी कड़ी निंदा करता है।’ इसमें आगे कहा गया है, ‘यह मात्र बर्बरता नहीं है, बल्कि इंटरनेशनल नॉन-वॉयलेंस डे से तीन दिन पहले अहिंसा के विचार और महात्मा की विरासत पर हिंसक हमला है। हमने इसे गंभीरता से लेते हुए स्थानीय अधिकारियों से तत्काल कार्रवाई की मांग की है और हमारी टीम पहले से ही घटनास्थल पर,प्रतिमा को उसकी मूल गरिमा में वापस लाने के लिए अधिकारियों के साथ समन्वय कर रही है।’
‘खालिस्तानियों ने किया गांधी प्रतिमा पर हमला’ – एक वरिष्ठ पत्रकार आदित्य राज कौल ने घटना के बाद का एक वीडियो शेयर किया है, जिसमें दिख रहा है कि हमलावर क्या करके गए हैं। वीडियो में दिख रहा है कि उन्होंने गांधी प्रतिमा के साथ छेड़छाड़ की तो कोशिश की ही है और साथ में काले रंग से लिखा है, ‘गांधी- मोदी, हिंदुस्तानी टेररिस्ट…।’ वहां एक तिरंगे का भी अपमान किया गया है और उसपर भी ‘टेररिस्ट’ लिखा हुआ है। कौल ने वीडियो के साथ कैप्शन में लिखा है, ‘लंदन, यूके में दो दिन पहले महात्मा गांधी की प्रतिमा को टैविस्टॉक स्क्वायर में खालिस्तानी चरमपंथियों द्वारा क्षतिग्रस्त किया गया।’हालांकि, इस दावे की आधिकारिक पुष्टि नहीं हो पाई है। न्यूज एजेंसी पीटीआई के अनुसार मेट्रोपॉलिटन पुलिस और कैमडेन काउंसिल ने कहा है कि वह घटना की तहकीकात कर रहे हैं।