Thursday , March 12 2026 4:09 PM
Home / Business & Tech / गूगल अगले साल लाएगी दो AI चश्‍मे, एक में डिस्‍प्‍ले लगा होगा और दूसरे में सिर्फ वॉयस सपोर्ट

गूगल अगले साल लाएगी दो AI चश्‍मे, एक में डिस्‍प्‍ले लगा होगा और दूसरे में सिर्फ वॉयस सपोर्ट


गूगल के एआई पावर्ड चश्‍मे नए साल यानी 2026 में आएंगे। टेक दिग्‍गज गूगल ने सोमवार-मंगलवार देर रात ‘द एंड्रॉइड शो: XR एडिशन’ का आयोजन किया। इसमें कंपनी ने एंड्रॉयड एक्सआर (XR) प्लेटफॉर्म से जुड़ी बड़ी बातें बताईं और कुछ घोषणाएं भी कीं। गूगल ने बताया है कि वह सैमसंग गैलेक्सी एक्सआर (Galaxy XR) हेडसेट के लिए 3 नए फीचर्स लाएगी। कंपनी ने ‘प्रोजेक्ट ऑरा’ (Project Aura) जैसे नए चश्मों की झलक भी दिखाई। एंड्रॉयड एक्‍सआर एक ऐसा प्‍लेटफॉर्म है, जिसमें किसी ऐप को XR हेडसेट और वायर्ड XR ग्लास डिवाइस के लिए डिजाइन किया जा सकता है।
गूगल के एआई चश्‍मे – रिपोर्टों (ref.) के अनुसार, गूगल ने बताया कि वह अपने एआई पावर्ड ग्‍लासेज को अगले साल लॉन्च करेगी। यह लाइटवेट चश्‍मे होंगे और एंड्रॉयड XR प्लेटफॉर्म पर चलेंगे। स्मार्ट ग्लासेस को बनाने के लिए कंपनी- सैमसंग, जेंटल मॉन्स्टर और वॉरबी पार्कर के साथ मिलकर काम कर रही है। गूगल 2 तरह के स्‍मार्ट ग्‍लासेज बना रही है। एक ग्‍लास में सिर्फ वॉइस सपोर्ट मिलेगा। उसमें स्‍पीकर, माइक्रोफोन और कैमरा होंगे। डिस्‍प्‍ले का सपोर्ट नहीं होगा। दूसरे चश्‍मे में लेंस के अंदर एक डिस्‍प्‍ले होगा जो नेविगेशन और ट्रांसलेशन जैसी चीजें दिखाएगा। गूगल अभी अपने चश्‍मों पर फीडबैक ले रही है।
सैमसंग के Galaxy XR हेडसेट में 3 फीचर्स – सैमसंग के Galaxy XR हेडसेट में 3 फीचर्स आ रहे हैं। पहला फीचर है ‘पीसी कनेक्ट’, जिसकी मदद से विंडोज पीसी को हेडसेट से कनेक्‍ट किया जा सकेगा। कहा जाता है कि इस फीचर के आने से गेमिंग के शौकीनों को खूब फायदा होगा। दूसरा फीचर है-‘ट्रैवल मोड’ (Travel mode)। इस फीचर की मदद से हिलने-डुलने वाली जगह जैसे- फ्लाइट, ट्रेन आदि में बिना किसी परेशानी के कंटेंट स्‍ट्रीम किया जा सकेगा। तीसरा फीचर है ‘लाइकनेस’ (Likeness)। इस फीचर की मदद से यूजर अपने चेहरे का अवतार बना सकेंगे। अवतार अपने यूजर को कॉपी करेगा और जब यूजर क‍िसी से वीडियो कॉल में बात करेगा तो अपना चेहरा छुपाकर, अवतार को कॉल पर दिखा सकता है।