Sunday , December 21 2025 1:48 AM
Home / News / सूडान में संयुक्त राष्ट्र की इमारत पर ड्रोन हमला, 6 पीसकीपर्स की मौत, सरकार ने विद्रोही RSF पर लगाया आरोप

सूडान में संयुक्त राष्ट्र की इमारत पर ड्रोन हमला, 6 पीसकीपर्स की मौत, सरकार ने विद्रोही RSF पर लगाया आरोप


सूडान में संयुक्त राष्ट्र की इमारत पर हमले में 6 पीसकीपर्स मारे गए हैं, जबकि 8 अन्य घायल हुए हैं। संयुक्त राष्ट्र महासचिव एंटोनियो गुटेरेस ने हमले की निंदा करते हुए इसे भयावह बताया है।
सूडान नके दक्षिणी कोर्डोफान इलाके में संयुक्त राष्ट्र की एक इमारत पर बड़ा हमला हुआ है। समाचार एजेंसी AFP ने एक मेडिकल सूत्र के हवाले से बताया कि इस हमले में कम से कम 6 संयुक्त राष्ट्र के पीसकीपर्स मारे गए हैं। हमले में 8 पीसकीपर्स घायल हुए हैं। ये सभी बांग्लादेश के बताए गए हैं। संयुक्त राष्ट्र महासचिव एंटोनियो गुटेरेस ने इस हमले की निंदा की है। काडुगली के अस्पताल के मेडिकल सूत्र ने कहा कि संयुक्त राष्ट्र मुख्यालय पर बमबारी में छह लोग मारे गए, जब वे बिल्डिंग के अंदर थे। प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि पीड़ित संयुक्त राष्ट्र के कर्मचारी थे। उन्होंने कहा कि दक्षिण कोर्डोफान राज्य की राजधानी काडुगली में संयुक्त राष्ट्र की बिल्डिंग को ड्रोन से निशाना बनाया गया। काडुगली लगभग डेढ़ साल से घेराबंदी में है।
विद्रोही RSF पर हमला करने का आरोप – सूडान की सरकार ने एक बयान जारी कर इस हमले की निंदा की है। पोर्ट सूडान में मौजूद सेना समर्थित प्रशासन ने हमले के लिए पैरामिलिट्री समूह रैपिड सपोर्ट फोर्सेज (RSF) को जिम्मेदार ठहराया है। सेना प्रमुख जनरल अब्देल फतह अल-बुरहान की अध्यक्षता वाली संप्रभुता परिषद ने संयुक्त राष्ट्र की इमारत पर हमले की निंदी की और इसे खतरनाक उकसावा बताया।
काडुगली इस समय गंभीर मानवीय स्थितियों का सामना कर रहा है, जहां नवंबर की शुरुआत में अकाल घोषित किया गया था। यह शहर बड़े कोर्डोफान क्षेत्र में स्थित है। यह एक विशाल कृषि क्षेत्र है जो तीन राज्यों में बंटा हुआ है। यह रणनीतिक रूप से पश्चिम ें RSF के कंट्रोल वाले दारफुर और उत्तर, पूर्व और केंद्र में सेना के कब्जे वाले क्षेत्रों के बीच स्थित है।