Friday , April 10 2026 8:18 PM
Home / News / वेनेजुएला में अमेरिकी हमले में कम से कम 40 लोगों की मौत, मादुरो के बाद अब कौन चलाएगा देश?

वेनेजुएला में अमेरिकी हमले में कम से कम 40 लोगों की मौत, मादुरो के बाद अब कौन चलाएगा देश?

वेनेजुएला पर शनिवार तड़के हुए अमेरिका के बड़े सैन्य हमले में नागरिकों और सैनिकों समेत कम से कम 40 लोगों की मौत हुई है। न्यूयॉर्क टाइम्स ने वेनेजुएला के एक सीनियर अधिकारी के हवाले से ये जानकारी दी है। अधिकारी ने नाम न बताने की शर्त पर बताया कि हमले में कम से कम 40 लोग मारे गए। अमेरिका ने शुक्रवार और शनिवार की दरमियानी रात वेनेजुएला में बड़ा सैन्य ऑपरेशन किया था, जिसमें वेनेजुएला के राष्ट्रपति निकोलस मादुरो और उनकी पत्नी को पकड़ लिया गया। अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने पुष्टि की कि मादुरो को पकड़ लिया गया और उन्हें अमेरिका ले जाया गया है, जहां उन पर मुकदमा चलाया जाएगा।
ट्रंप ने बताया वेनेजुएला के लिए प्लान – ऑपरेशन के बारे में जानकारी देते हुए ट्रंप ने बताया कि मादुरो अमेरिकी हिरासत में है और कहा कि वॉशिंगटन कुछ समय के लिए वेनेजुएला का कंट्रोल अपने हाथ में लेगा। फ्लोरिडा में अपने मार-ए-लागो रिजॉर्ट में पत्रकारों से उन्होंने कहा, जब तक हम एक सुरक्षित, सही और समझदारी वाला ट्रांजिशन नहीं कर लेते, तब तक हम देश चलाएंगे। उन्होंने आगे कहा, ‘हम यह रिस्क नहीं ले सकते कि कोई और वेनेजुएला पर कब्जा कर ले जिसके मन में वेनेजुएला के लोगों का हित न हो।’
मादुरो को लेकर न्यूयॉर्क पहुंचे अमेरिकी सैनिक – इस बीच मादुरो और उनकी पत्नी सीलिया फ्लोरेस को न्यूयॉर्क लाया गया है। शनिवार शाम को दोनों को लेकर एक विमान न्यूयॉर्क में स्टीवर्ट एयर नेशनल गार्ड बेस पर पहुंचा। मादुरो पर अगले सप्ताह मैनहट्टन की फेडरल कोर्ट में ड्रग्स और हथियारों के मामले में आरोप लगने की उम्मीद है।