
नेपाल के लोग आज, 5 मार्च अपनी नई सरकार चुनेंगे। इलेक्शन कमीशन ने चुनाव के लिए पुख्ता सुरक्षा व्यवस्था की है और तीन लाख से अधिक सुरक्षा कर्मियों को तैनात किया गया है। देश के कार्यवाहक निर्वाचन आयुक्त राम प्रसाद भंडारी ने बुधवार शाम बताया कि चुनाव की सभी तैयारियां पूरी हो चुकी हैं। मतदान सुबह सात बजे शुरू होगा और शाम पांच बजे समाप्त होगा। मतपेटियों को एकत्र करने के तुरंत बाद मतगणना शुरू कर दी जाएगी। नेपाल में बीते साल सितंबर में युवाओं के हिंसक प्रोटेस्ट में केपी शर्मा ओली की सरकार गिरने के बाद यह चुनाव हो रहा है।
नेपाल में करीब 3 करोड़ की आबादी से 1.90 करोड़ मतदाता नई सरकार चुनने के लिए वोट डालेंगे। 275 सदस्यों वाली नेपाल की प्रतिनिधि सभा यानी संसद में 165 सीटों के लिए वोट डाले जाएंगे। 165 सदस्यों को मतदाता सीधे चुनेंगे, जबकि बाकी 110 सीटें पार्टियों को उनको मिले वोटों के शेयर के अनुपात में मिलेंगी।
नेपाली चुनाव में बड़े चेहरे – नेपाल में पीएम के लिए मुख्य दावेदारों में बालेंद्र शाह, केपी शर्मा ओली, गगन थापा और पुष्प कमल दहल शामिल हैं। रैपर से नेता बने काठमांडू के पूर्व मेयर 35 साल के बालेंद्र शाह मध्यमार्गी राष्ट्रीय स्वतंत्र पार्टी के नेता हैं। चार बार के प्रधानमंत्री केपी ओली कम्युनिस्ट पार्टी ऑफ नेपाल (यूनिफाइड मार्क्सिस्ट-लेनिनिस्ट) से हैं। उन्हें बीते साल प्रदर्शन के बाद पीएम पद छोड़ना पड़ा था।
तीन बार के प्रधानमंत्री, 71 साल के पुष्प कमल दहल नेपाली कम्युनिस्ट पार्टी का नेतृत्व कर रहे हैं। दहल 2006 में मेनस्ट्रीम पॉलिटिक्स में आने से पहले एक दशक तक माओवादी बगावत लीड कर चुके हैं और देश के बड़े नेताओं में शुमार हैं। नेपाल चुनाव में मध्यमार्गी नेपाली कांग्रेस पार्टी के गगन थापा भी बड़े नामों में शुमार हैं। 49 सल के थापा मजबूती से चुनाव प्रचार मे रहे हैं।
नेपाल में बनती रही है गठबंधन सरकार – नेपाल में बीते कई वर्षों से तीन पार्टियों के दबदबे वाली गठबंधन सरकारों का आना-जाना लगा रहा है। कम्युनिस्ट पार्टी ऑफ नेपाल यूनिफाइड मार्क्सिस्ट-लेनिनिस्ट (CPN UML), नेपाली कम्युनिस्ट पार्टी CPN (माओइस्ट सेंटर) और सेंट्रिस्ट नेपाली कांग्रेस का नेपाली राजनीति पर दबदबा रहा है। हालांकि इस चुनाव में काठमांडू के पूर्व मेयर बालेन शाह बड़ी ताकत बनकर उभरे हैं।
Home / News / नेपाल में जेन-जी आंदोलन के बाद पहला चुनाव आज, 1.90 करोड़ चुनेंगे नई सरकार, 3 लाख सुरक्षाकर्मी तैनात
IndianZ Xpress NZ's first and only Hindi news website